पंजाब सरकार अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के लिए खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है: तरुणप्रीत सिंह सोंद

Knews Desk, पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले, निवेश प्रोत्साहन, श्रम, आतिथ्य, उद्योग एवं वाणिज्य तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने खेल एवं खिलाड़ियों के कल्याण एवं उत्थान के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों की सराहना की है। सेक्टर 42 स्थित हॉकी स्टेडियम में सब जूनियर हॉकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए सोंड ने कहा कि अन्य खेलों के साथ-साथ राष्ट्रीय खेल हॉकी के लिए भी पंजाब सरकार विशेष प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में पंजाब के 11 खिलाड़ियों को पीसीएस और डीएसपी के पद पर नौकरी के पत्र दिए गए हैं, जिनमें हाल ही में संपन्न एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक और ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले हॉकी खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब ने 2023 के लिए नई खेल नीति बनाई है और अब इसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए नकद राशि दी जाती है।

इसके अलावा, पंजाब सरकार पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दे रही है। सोंड ने बताया कि पंजाब सरकार ने हाल ही में एक भव्य समारोह के दौरान पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले 19 पंजाबी खिलाड़ियों को कुल 12.50 करोड़ रुपए की राशि वितरित की है। इनमें से 10 खिलाड़ी कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य थे। इसके अलावा पंजाब सरकार ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले 32 पंजाबी खिलाड़ियों को 29 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि देकर सम्मानित किया है।

इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले पंजाब के 136 खिलाड़ियों को भी 4 करोड़ 58 लाख रुपए की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल के दौरान मान सरकार ने राज्य के खिलाडिय़ों को 88 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की है। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें।

पंजाब सरकार हर साल अधिक से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के लिए ‘खेड़न वतन पंजाब दियां’ का आयोजन कर रही है। इस समय तीसरा सीजन चल रहा है। उन्होंने कहा कि खेड़न वतन पंजाब दियां के दूसरे सीजन में करीब 4.5 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। करीब 11,000 विजेता खिलाड़ियों को 8.69 करोड़ रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। सोंड ने पंजाब के लड़के-लड़कियों को खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.