“खुलकर बयानबाजी करते हैं संजय राउत”, BJP नेता ने दर्ज कराया संजय राउत के खिलाफ केस

KNEWS DESK- शिवसेना सांसद संजय राउत अपनी बयानबाजी को लेकर अक्सर चर्चा का विषय बने रहते हैं लेकिन इस बार राउत मुश्किल में फंस गए हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक आर्टिकल लिखना संजय राउत के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बीजेपी नेता नितिन भुटाडा ने संजय राउत के खिलाफ यवतमाल के उमरखेड़ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है।

आपत्तिजनक आर्टिकल लिखने का लगा आरोप

संजय राउत पर शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक आर्टिकल लिखने का आरोप है। भुटाडा का कहना है कि राउत ने अपने लेख के जरिए प्रधानमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। संजय राउत ने ये लेख पार्टी के मुखपत्र सामना में 11 दिसंबर को लिखा था।

BJP नेता ने दर्ज कराया संजय राउत के खिलाफ केस

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजेपी के यवतमाल के संयोजक नितिन भुटाडा ने ‘सामना’ के संपादक राउत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद राउत पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के साथ ही दूसरे अपराधों के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (ए), 505 (2) और 124 (ए) के तहत केस दर्ज किया गया है।

आपको बता दें कि शिवसेना सांसद न सिर्फ अपने बयान बल्कि अपनी कलम के जरिए भी विरोधियों पर प्रहार करते रहते हैं। देश के हर मुद्दे पर राउत बेबाकी साथ अपने विचार रखते हैं, वहीं खुलकर बीजेपी के खिलाफ भी बयान देते रहते हैं। जिसकी वजह से वो अक्सर विवादों में आ जाते हैं।

ये भी पढ़ें-   “जम्मू-कश्मीर को जल्द दें राज्य का दर्जा”, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर क्या बोले अमित शाह?