विपक्ष का हल्ला बोल, धामी की दिल्ली दौड़ !

उत्तराखंड- उत्तराखंड के अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को जीतने के भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है इसी कड़ी में देहरादून में भाजपा की एक के बाद एक तमाम बैठकें हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष की अध्यक्षता में 2024 की रणनीति पर मंथन हुआ। वहीं बीजेपी की कोर ग्रुप की हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी, भाजपा ने निर्णय लिया है कि वह विधानसभा चुनावों में हारी हुई 23 सीटों पर विशेष फोकस करेगी। इन सीटों पर जीत के लिए राज्य संगठन के साथ ही राज्यसभा सांसदों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही पार्टी ने महाजनसंपर्क अभियान के बाद अब और भी अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा प्रदेश में व्यापक स्तर पर मेरी माटी मेरा देश अभियान, 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाने का फैसला लिया है। एक तरफ जहां भाजपा देहरादून में बैठकें कर चुनावी रणनीति बना रही है। तो वहीं दूसरी ओर अचानक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली रवाना हो गए। मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से मुलाकात हो सकती है। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। सीएम के दिल्ली दौरे से राज्य में यूसीसी समेत कैबिनेट विस्तार और दायित्वों के बंटवारे की चर्चाएं सुर्खियों में है। सीएम धामी का ये जुलाई महीने में तीसरा दौरा है। 4 जुलाई, 24 जुलाई और अब 30 जुलाई को सीएम दिल्ली गए हैं। वहीं कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री की दिल्ली दौड़ सामान्य घटना नहीं है जरूर दाल में कुछ काला है।

कुल मिलाकर उत्तराखंड के अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को जीतने के भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। सरकार से लेकर संगठन तक चुनावी तैयारियों को धार दे रहे हैं। देखना होगा भाजपा को निकाय चुनाव, सहकारिता चुनाव, बागेश्वर उपचुनाव और लोकसभा चुनाव में इन तैयारियों का क्या कुछ लाभ मिलेगा।

About Post Author