केरल चुनाव में भाजपा का दमदार शक्ति प्रदर्शन, कोझिकोड में अमित शाह ने किया रोड शो, उमड़ा जनसैलाब

डिजिटल डेस्क- केरल विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। राज्य की सत्ता हासिल करने के लिए सभी दल जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। इसी कड़ी में अमित शाह ने रविवार को कोझिकोड में भव्य रोड शो कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनावी अभियान को नई धार दी। इस रोड शो में भारी जनसमर्थन देखने को मिला, जिससे बीजेपी का उत्साह बढ़ा हुआ नजर आया। यह रोड शो बेपोर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया गया, जो राज्य का एक अहम निर्वाचन क्षेत्र माना जाता है। इस दौरान शाह के साथ बीजेपी उम्मीदवार एडवोकेट के.पी. प्रकाश बाबू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जैसे ही शाह का काफिला मथोट्टम बिजिथ जंक्शन पहुंचा, वहां पहले से मौजूद हजारों समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अमित शाह फूलों से सजी खुली गाड़ी में सवार होकर रोड शो में शामिल हुए। उन्होंने सड़क के दोनों ओर खड़ी भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों के हाथों में बीजेपी नेताओं के पोस्टर और कटआउट थे, जबकि चारों ओर “भारत माता की जय” और पार्टी के समर्थन में नारे गूंज रहे थे।

समर्थकों ने किया फूल बरसाकर स्वागत

रोड शो के दौरान शाह ने समर्थकों पर फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच यह रोड शो एक बड़े शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। बाद में उन्होंने इस कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि केरल पारदर्शी शासन के लिए एनडीए के साथ खड़ा है। बेपोर सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। बीजेपी के के.पी. प्रकाश बाबू का सामना वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पी.ए. मोहम्मद रियास और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े पी.वी. अनवर से है, जो संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। ऐसे में यह सीट त्रिकोणीय मुकाबले का गवाह बनने जा रही है।

शाम को कार्यकर्ताओं संग करेंगे अहम बैठक

अमित शाह का यह दौरा यहीं तक सीमित नहीं है। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वह एर्नाकुलम के कुन्नाथुनाड और तिरुवनंतपुरम के कट्टक्कड़ा में भी जनसभाएं करेंगे। इसके अलावा, शाम को वह राजधानी में पार्टी के प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। सोमवार को हरिपद में एक और रोड शो करने के बाद वह दिल्ली लौटेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शनिवार को केरल में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित किया था। उन्होंने भरोसा जताया था कि बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए इस बार राज्य में जीत हासिल करेगा। साथ ही उन्होंने एलडीएफ और यूडीएफ पर कई मुद्दों को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया था। गौरतलब है कि केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में सभी दल अंतिम चरण के प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *