भाजपा हमारे लिए मां समान…. स्थापना दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

डिजिटल डेस्क- भारतीय राजनीति के सबसे बड़े संगठनों में से एक भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक और प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए मां के समान है, जिसके प्रति समर्पण और सेवा का भाव ही पार्टी की असली ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए भावनात्मक अवसर होता है। यह दिन उन सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिन्होंने पार्टी के जरिए राष्ट्रसेवा का मार्ग चुना। उन्होंने देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को इस अवसर पर बधाई दी और उनके योगदान को सराहा।

आगामी चुनावों का किया जिक्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आगामी चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिन पांच राज्यों में इस समय चुनाव हो रहे हैं, वहां पार्टी में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं की कार्यशैली में नयापन नजर आ रहा है, जो पार्टी के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि नेतृत्व के नए प्रयासों ने संगठन में नई जान फूंक दी है। प्रधानमंत्री ने भाजपा की यात्रा को याद करते हुए कहा कि आज पार्टी जिस ऊंचाई पर पहुंची है, उसकी चमक सबको दिखती है, लेकिन इसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का वर्षों का तप, त्याग और समर्पण छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह वही समझ सकता है, जिसने पार्टी के विचारों और संकल्पों के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित किया हो।

भाजपा का आरएसएस से है गहरा प्रभाव- पीएम मोदी

उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा की विचारधारा और कार्यशैली पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का गहरा प्रभाव रहा है। संघ के मार्गदर्शन में पार्टी ने साफ नीयत और सुचिता के साथ राजनीति में कदम रखा। शुरुआती वर्षों में संगठन को मजबूत करने और नीतियों को स्पष्ट करने पर जोर दिया गया, जबकि बाद के समय में भाजपा ने खुद को एक सशक्त कैडर आधारित पार्टी के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते रहें और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाते रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में पार्टी के सिद्धांतों और देशहित को सर्वोपरि रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *