दादरी से अखिलेश यादव ने बजाया 2027 का चुनावी बिगुल, मोदी-योगी पर बोला तीखा हमला

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ में शिरकत करते हुए चुनावी शंखनाद कर दिया। इस दौरान उन्होंने मिहिर भोज कॉलेज में स्थापित प्रतिमा के सामने से अपने अभियान की शुरुआत की और केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम की चर्चा ने विरोधियों के “होश उड़ा दिए”, जिसके चलते उन्हें जल्दबाजी में अपनी रैली करनी पड़ी। उन्होंने बिना नाम लिए भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि “जो खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है, उसे भीड़ जुटाने के लिए सरकारी मशीनरी का सहारा लेना पड़ा।”

भाजपा की रैली की पोल समाजवादी पार्टी ने खोली

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष की हालिया रैली पूरी तरह प्रायोजित थी और उसमें लोग स्वेच्छा से नहीं आए थे, बल्कि उन्हें लाया गया था। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि “हमारे साथियों ने उस रैली की पोल खोल दी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सच्चाई पहुंचाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही होती है। उन्होंने एयरपोर्ट के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि “उन्होंने 7 एयरपोर्ट का उद्घाटन किया, लेकिन उसमें से 6 बंद हो गए। कम से कम ये तो वादा करते कि उन्हें बेचा नहीं जाएगा। ऐसा लगता है कि उद्घाटन सिर्फ बेचने के लिए किया गया था।”

झूठ बोलने वाली पार्टी है भाजपा सरकार

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार को “झूठ बोलने वाली पार्टी” करार दिया और कहा कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही वह विकल्प है जो प्रदेश को विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे ले जा सकती है। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। पार्टी का फोकस सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *