LPG संकट पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- आपदा में मुनाफा कमा रही बीजेपी

डिजिटल डेस्क- ईरान-इजरायल तनाव के बीच देश में गहराते एलपीजी संकट को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की किल्लत के पीछे जमाखोरी और कालाबाजारी जिम्मेदार है, जिसमें भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के एक डिप्टी सीएम के बयान से ही यह साफ संकेत मिलता है कि सरकार खुद ही सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सवालों के घेरे में है।

भाजपा कार्यकर्ता मदद के बजाय भूमिगत हो गये हैं- अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने मांग की कि अगर डिप्टी सीएम लोगों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने का दावा कर रहे हैं, तो उन्हें अपना संपर्क सार्वजनिक करना चाहिए ताकि जरूरतमंद सीधे उनसे मदद ले सकें। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि संकट के समय वे आम जनता की मदद के लिए मैदान में क्यों नहीं दिख रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता मदद करने के बजाय “भूमिगत” हो गए हैं। उन्होंने ‘आपदा में अवसर’ के नारे पर भी कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि पहले कृत्रिम कमी पैदा की जाती है, फिर अफवाहों के जरिए डर फैलाया जाता है और अंत में कालाबाजारी के माध्यम से मुनाफा कमाया जाता है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए नारा दिया “भाजपा हटाओ, सुख-चैन पाओ।”

सीएम योगी की धैर्य बनाए रखने की अपील

वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मुद्दे पर सफाई देते हुए लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की कोई वास्तविक कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था पैदा हो रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले एक सिलेंडर एक महीने तक चलता था, लेकिन अब लोग पांच-छह दिन में ही नया सिलेंडर लेने पहुंच जा रहे हैं, जिससे दबाव बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *