अयोध्या हुई हमारी अब मथुरा की बारी…. शौर्य यात्रा से पहले मथुरा में लगी विवादित होर्डिंग, प्रशासन की बढ़ी चिंता

डिजिटल डेस्क- आगामी 6 दिसंबर की संवेदनशीलता को देखते हुए मथुरा शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस बीच, विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल मथुरा महानगर द्वारा लगाए गए विवादित ‘शौर्य यात्रा’ के होर्डिंग्स ने राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इन होर्डिंग्स पर स्पष्ट रूप से लिखा गया है, अयोध्या हुई हमारी अब मथुरा की बारी। सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित करने वाला यह है कि ये होर्डिंग्स शाही ईदगाह के पास लगाए गए हैं, जो कटरा केशव देव मंदिर परिसर से सटी हुई है। इन होर्डिंग्स में 7 दिसंबर को होने वाली शौर्य यात्रा की जानकारी दी गई है। शौर्य यात्रा वेद मंदिर मसानी चौराहे से शुरू होकर डीग गेट और अंगूरी वाटिका पर समाप्त होगी।

संवेदनशील स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात

VHP मथुरा महानगर के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल भी उनके होर्डिंग्स पर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन उन्होंने इसमें कोई आपत्तिजनक या गलत संदेश नहीं डाला। उन्होंने कहा कि अयोध्या का काम पूरा हो गया है, अब मथुरा की तैयारी कर रहे हैं। हमारी सभी गतिविधियां कानून के दायरे में हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 6 दिसंबर प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट है, लेकिन उनकी शौर्य यात्रा 7 दिसंबर को आयोजित होगी। 6 दिसंबर की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पहले से ही मथुरा में सुरक्षा बढ़ा चुका है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इस स्थिति में वीएचपी के होर्डिंग्स और शौर्य यात्रा की घोषणा प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अज्ञात और संदिग्धों पर रखी जा रही नजर

सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि शाही ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। साथ ही शहर में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और अज्ञात संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि 6 और 7 दिसंबर के दौरान किसी प्रकार की हिंसक घटना या सामाजिक अशांति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *