मणिपुर के चुराचांदपुर में कुकी जो काउंसिल अध्यक्ष के घर पर भीड़ का हमला, हवाई फायरिंग के बाद फैली सनसनी

डिजिटल डेस्क- मणिपुर के चुराचांदपुर शहर में रविवार को एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली, जब कुकी-जो काउंसिल (KZC) के अध्यक्ष एच थांगलेट के घर पर उग्र भीड़ ने धावा बोलने की कोशिश की। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, अध्यक्ष के घर में कथित रूप से कुछ उग्रवादियों के छिपे होने की खबर फैलने के बाद स्थानीय युवाओं में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोपहर के समय भीड़ ने थांगलेट के घर पर पथराव किया और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए छोड़े गए आंसू गैस के गोले

मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को पीछे धकेला। हालांकि कुछ प्रदर्शनकारी नहीं माने और घर में घुसने की कोशिश जारी रखी, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। स्थिति शाम तक शांत होती नजर आई, लेकिन रात में एक बार फिर तनाव बढ़ गया। कुछ युवाओं ने दोबारा अध्यक्ष के घर में घुसने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों ने भीड़ को डराने के लिए हवा में गोलियां चलाईं। इसके बाद भीड़ वहां से भाग खड़ी हुई और स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।

जातीय हिंसा में हो चुकी अबतक 260 से अधिक लोगों की मौत

इसी दौरान शहर के पास तुइबोंग इलाके में भी प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। कुछ लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सुरक्षा बलों ने यहां भी आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को हटाया और स्थिति को काबू में किया। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले ही राज्य के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने गुवाहाटी में कुकी-जो परिषद के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक का उद्देश्य मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच विश्वास बहाली और शांति स्थापित करना था गौरतलब है कि मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग बेघर हो गए हैं। लगातार हो रही हिंसा के चलते राज्य में फरवरी 2025 में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था, जिसके बाद हालात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *