KNEWS DESK- नासिक में कथित ढोंगी बाबा अशोक खरात के खिलाफ मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार देर रात उनके खिलाफ दो और नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें एक यौन शोषण और दूसरा धोखाधड़ी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, अब तक उनके खिलाफ कुल 10 केस दर्ज हो चुके हैं, जिनमें 8 यौन शोषण और 2 आर्थिक ठगी के मामले शामिल हैं।
शिकायतों के मुताबिक, नेवासा के एक व्यापारी से व्यवसाय बढ़ाने के नाम पर लाखों रुपये की अंगूठियां बेचकर ठगी की गई। वहीं, एक विवाहित महिला ने आरोप लगाया है कि पति से विवाद के चलते सलाह लेने पहुंची तो खरात ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। सभी मामलों में एक समान पैटर्न सामने आया है, जिसमें वह खुद को भगवान महादेव का अवतार बताकर लोगों को डराता और उनका शोषण करता था।
जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, अशोक खरात कथित रूप से हवाला रैकेट से भी जुड़ा हुआ था और विदेशों, खासकर दुबई तक पैसों के लेन-देन के संकेत मिले हैं। इस मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है।
SIT द्वारा जारी हेल्पलाइन पर अब तक 100 से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं, जिनमें करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। हालांकि, कई पीड़ित अब भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से हिचक रहे हैं। अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आगे आने की अपील की है।
इस मामले से जुड़े पीड़ितों के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। अब तक 74 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें केवल नासिक में ही फेसबुक और इंस्टाग्राम के 65 अकाउंट्स के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस मामले से जुड़े किसी भी संवेदनशील या आपत्तिजनक कंटेंट को सोशल मीडिया पर साझा न करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अब धीरे-धीरे व्यापक और गंभीर रूप लेता जा रहा है।