महाराष्ट्रः दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप खाई में गिरी, 6 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

डिजिटल डेस्क- दिवाली के ठीक पहले महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार को चांदसैली घाट में श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु अस्तंबा देवी यात्रा से लौट रहे थे। घाट की चढ़ाई के दौरान पिकअप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी कई मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई श्रद्धालु वाहन से बाहर जा गिरे।

स्थानीय प्रशासन ने शुरू किया बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल श्रद्धालुओं को तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ गंभीर रूप से घायल मरीजों को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। चांदसैली घाट सातपुड़ा पर्वत श्रृंखला का सबसे खतरनाक घाट माना जाता है। यहाँ तीव्र मोड़, खड़ी चढ़ाई और उतराई होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। विशेषज्ञों का कहना है कि घाट पर वाहन की अधिक गति और भीड़भाड़ दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकती है।

आदिवासी समुदाय की पवित्र यात्रा मानी जाती है अस्तंबा देवी की यात्रा

अस्तंबा देवी यात्रा आदिवासी समुदाय की अत्यंत पवित्र यात्रा मानी जाती है। इस यात्रा में हर साल महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार यात्रा से लौटते समय हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। पुलिस ने बताया कि पिकअप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। मृतकों की पहचान करने का काम जारी है और पुलिस ने चेतावनी दी है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है।