सिर्फ 50 हजार में कर सकते हैं विदेश यात्रा! जानिए भारत से घूमने के लिए कौन से देश हैं सबसे सस्ते?

KNEWS DESK- अगर आपको घूमने-फिरने का शौक है, तो मन में विदेश यात्रा का ख्याल आना लाज़मी है। अक्सर लोग सोचते हैं कि इंटरनेशनल ट्रिप के लिए लाखों रुपये चाहिए होते हैं, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। भारत के आसपास कई ऐसे खूबसूरत देश हैं, जहां आप 50,000 रुपये के बजट में भी यादगार विदेश यात्रा कर सकते हैं। ये डेस्टिनेशन सोलो ट्रैवलर्स, दोस्तों के ग्रुप और फैमिली ट्रिप तीनों के लिए परफेक्ट हैं।

नेपाल

भारत से सटा नेपाल प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक शांति का अनोखा संगम है। यहां के मठ, मंदिर और पहाड़ी नज़ारे पर्यटकों को खासा आकर्षित करते हैं। 4 से 5 दिनों की नेपाल ट्रिप आप करीब 50 हजार रुपये में आसानी से पूरी कर सकते हैं। दिल्ली से नेपाल की राउंड ट्रिप फ्लाइट लगभग 15 हजार रुपये में मिल जाती है, जबकि बाकी बजट में रहना, खाना और लोकल ट्रैवल आराम से हो जाता है।

थाईलैंड

थाईलैंड मॉडर्न सिटी लाइफ, खूबसूरत बीचेस, ऐतिहासिक मंदिरों और शॉपिंग हब्स के लिए जाना जाता है। यहां 5 दिनों की ट्रिप का कुल खर्च लगभग 30 से 40 हजार रुपये तक आ सकता है। नई दिल्ली से बैंकॉक की राउंड ट्रिप फ्लाइट 11 से 15 हजार रुपये में मिल जाती है। थाईलैंड में बजट होटल या हॉस्टल का खर्च करीब 1500 रुपये प्रतिदिन होता है।

श्रीलंका

भारत के बेहद करीब स्थित श्रीलंका समुद्र तटों, हरियाली और पहाड़ी इलाकों के लिए मशहूर है। यहां आप 50 हजार रुपये के बजट में आराम से 7 दिनों तक घूम सकते हैं। भारत से श्रीलंका की राउंड ट्रिप फ्लाइट करीब 15 हजार रुपये में मिल जाती है। वहीं, होटल या गेस्टहाउस का खर्च लगभग 1100 रुपये प्रतिदिन होता है।

भूटान

भूटान को दुनिया के सबसे शांत देशों में गिना जाता है। यह एक किफायती और सुंदर इंटरनेशनल डेस्टिनेशन है। भारत से भूटान की वन-वे फ्लाइट 5000 रुपये तक में मिल जाती है, जबकि 10 हजार रुपये से कम में राउंड ट्रिप संभव है। पारो और थिंपू जैसे शहर यहां के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट हैं। भारतीय नागरिकों को यहां जाने के लिए पासपोर्ट या वोटर आईडी के साथ एंट्री परमिट लेना होता है।

वियतनाम

वियतनाम अपनी संस्कृति, नेचुरल ब्यूटी और शानदार फोटोग्राफी स्पॉट्स के लिए जाना जाता है। यह भारत से घूमने के लिए सबसे सस्ते देशों में शामिल है। यहां आप 5 दिनों की पूरी ट्रिप सभी खर्चों सहित 50 हजार रुपये से कम में पूरी कर सकते हैं और विदेश यात्रा का बेहतरीन अनुभव ले सकते हैं।

कम बजट में विदेश घूमना अब सपना नहीं

अगर सही प्लानिंग की जाए, तो विदेश यात्रा अब सिर्फ अमीरों तक सीमित नहीं रही। ये देश कम खर्च में बेहतरीन अनुभव, नई संस्कृति और यादगार सफर का मौका देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *