KNEWS DESK- बरसात का मौसम जहां ठंडक और हरियाली लेकर आता है, वहीं यह नमी और उमस की वजह से घर में कीड़े-मकोड़ों (Insects) का भी जमावड़ा कर देता है। कुछ कीड़े उड़ते हैं, तो कुछ रेंगते हैं और ये घर के कोनों, दरारों और किचन में छिप जाते हैं। ऐसे में इनसे समय रहते निपटना बेहद जरूरी हो जाता है।
यहां हम आपको बता रहे हैं एक होममेड स्प्रे बनाने का तरीका और कुछ आसान घरेलू नुस्खे, जो बरसात के कीड़ों से राहत दिलाएंगे।

होममेड स्प्रे से भगाएं बरसाती कीड़े
बरसात में कीड़ों से निपटने के लिए आप घर पर ही एक असरदार स्प्रे बना सकते हैं। यह स्प्रे खासतौर पर चींटी, मक्खी और कॉकरोच जैसे कीड़ों को भगाने में कारगर होता है। इस स्प्रे को बनाने के लिए आपको 1 गिलास पानी, 4-5 लौंग, 1 चम्मच बेकिंग सोडा, 2-3 तेज पत्ते चाहिए। इसके बाद सबसे पहले पानी को उबाल लें। इसमें लौंग डालें और तब तक पकाएं जब तक पानी का रंग बदल न जाए। अब इसमें बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिला लें। मिश्रण को ठंडा करें और स्प्रे बोतल में भर लें। अंत में इसमें कुछ तेज पत्ते तोड़कर डालें। फिर इस स्प्रे को उन जगहों पर छिड़कें जहां कीड़े अक्सर नजर आते हैं। इससे कीड़े भागने लगते हैं और कई तो मर भी जाते हैं।
अन्य घरेलू नुस्खे जो कीड़ों को करेंगे दूर
सफेद सिरका का करें इस्तेमाल
सफेद सिरके की गंध कीड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं आती। विनेगर को पानी में मिलाकर स्प्रे करें या विनेगर वाले पानी से घर में पोछा लगाएं। इससे मक्खी, चींटी और अन्य कीड़े भागने लगते हैं।
नमक भी है असरदार उपाय
नमक कीड़ों के लिए खतरनाक होता है। नमक को सीधे कीड़ों पर छिड़कें या पानी में मिलाकर छिड़काव करें। इससे कीड़े मरने लगते हैं।
नींबू का रस भी है फायदेमंद
नींबू के रस में मौजूद साइट्रिक एसिड कीड़ों के लिए हानिकारक होता है। नींबू का रस सीधे या पानी में मिलाकर कीड़ों पर छिड़कें। यह उपाय मक्खी और मच्छरों पर भी कारगर होता है।
लहसुन से दूर होंगे मच्छर और कीड़े
लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं। लहसुन को कूटकर पानी में मिलाएं और इस मिश्रण से कीड़ों पर छिड़काव करें। यह उपाय खासकर मक्खी-मच्छर भगाने में प्रभावी होता है। बरसात के मौसम में घर को कीट-मुक्त बनाए रखना जरूरी है, खासकर जब कीड़े तेजी से पनपते हैं। ऊपर बताए गए होममेड स्प्रे और घरेलू नुस्खे अपनाकर आप घर में मौजूद कीड़ों से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं – वो भी बिना किसी केमिकल के।