KNEWS DESK- गर्मी के मौसम में पसीना आना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन उससे आने वाली बदबू कई बार असहज स्थिति पैदा कर देती है। दरअसल, पसीना खुद बदबूदार नहीं होता, बल्कि त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया जब नमी में पनपते हैं, तब दुर्गंध उत्पन्न होती है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी, साफ-सफाई की कमी, हार्मोनल बदलाव और गलत कपड़ों का चयन भी इसकी बड़ी वजह बन सकते हैं।
सेंधा नमक से करें नैचुरल क्लीनिंग
पसीने की दुर्गंध को दूर करने के लिए नहाने के पानी में सेंधा नमक मिलाना बेहद फायदेमंद होता है। यह त्वचा पर बैक्टीरिया की वृद्धि को रोकने में मदद करता है और साथ ही एक्ने, दाने और हल्की सूजन को भी कम करता है। हालांकि, ड्राई स्किन वालों को इसके बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाना चाहिए।
फिटकरी: पुराना लेकिन कारगर उपाय
फिटकरी पसीने की बदबू को दूर करने का एक पारंपरिक और असरदार तरीका है। आप फिटकरी के पानी से स्नान कर सकते हैं या हल्की गीली फिटकरी को बगल में रगड़ सकते हैं। यह न केवल बदबू कम करती है, बल्कि त्वचा के छोटे घावों और दानों को भी ठीक करने में मदद करती है।

नींबू और बेकिंग सोडा का कमाल
नींबू और बेकिंग सोडा का मिश्रण भी शरीर की दुर्गंध को दूर करने में काफी उपयोगी है। नहाने के बाद एक मग पानी में थोड़ा नींबू का रस और बेकिंग सोडा मिलाकर शरीर पर डालें। इससे त्वचा ताजा महकती है और बदबू दूर रहती है।
नीलगिरी तेल से पाएं फ्रेशनेस
नीलगिरी का तेल एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुणों से भरपूर होता है। इसे नहाने के पानी में मिलाकर इस्तेमाल करने से पसीने की बदबू दूर होती है और त्वचा संक्रमण से भी बचाव होता है।
सही कपड़े और आदतें भी हैं जरूरी
- गर्मियों में कॉटन, लिनन, खादी और रेयॉन जैसे फैब्रिक पहनें
- कपड़ों को धोते समय लॉन्ड्री सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें
- दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- विटामिन C से भरपूर फल और सब्जियां अपनी डाइट में शामिल करें
पसीने की बदबू से छुटकारा पाने के लिए महंगे परफ्यूम या डियोड्रेंट पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है। सही दिनचर्या, साफ-सफाई और कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप पूरे दिन ताजगी और आत्मविश्वास बनाए रख सकते हैं।