पिंपल्स या एक्ने से हो गए हैं परेशान? चेहरे पर लगाएं ये कुछ चीजें, आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानें इस्तेमाल करने का तरीका

KNEWS DESK- चेहरे पर पिंपल्स होना किसी को भी पसंद नहीं होता। पिंपल्स या एक्ने तब होते हैं जब त्वचा पर तेल (सीबम) अधिक बनने लगता है और मृत त्वचा कोशिकाएं (Dead Skin Cells) जमा हो जाती हैं, जिससे पोर्स (pores) बंद हो जाते हैं। आमतौर पर पिंपल्स खुद ही ठीक हो जाते हैं, लेकिन कई लोग इसे लंबे समय तक चेहरे पर नहीं रखना चाहते। ऐसे में आयुर्वेदिक नुस्खे मददगार साबित हो सकते हैं।

आयुर्वेदिक डॉक्टर मनीषा मिश्रा के अनुसार, कुछ घरेलू उपाय पिंपल्स और एक्ने को कम करने में प्रभावी हैं।

पिंपल्स हटाने के लिए असरदार आयुर्वेदिक नुस्खे

जायफल
जायफल को चेहरे पर लगाने से त्वचा पर नजर आने वाले पिंपल्स कम होते हैं। स्टडीज भी दिखाती हैं कि जायफल में ऐसे तत्व होते हैं जो त्वचा को साफ करने और एक्ने कम करने में मदद करते हैं।

धनिया के दाने

धनिया के दानों में लिनोलोल नामक एंटीबैक्टीरियल कंपाउंड्स पाए जाते हैं। ये त्वचा पर बैक्टीरियल ग्रोथ को कम करने में मदद करते हैं और पिंपल्स को धीरे-धीरे घटाते हैं।

एलोवेरा जैल
एलोवेरा में एलोइन होता है, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर है। इसके कूलिंग प्रभाव से त्वचा की लालिमा (redness) कम होती है और स्किन को सूदिंग इफेक्ट मिलता है।

क्या चेहरे पर थूक लगाना मददगार है?

एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने बताया था कि वे चेहरे पर सुबह का पहला थूक लगाती हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर के अनुसार, कुछ रिसर्च के अनुसार थूक में एंटीबैक्टीरियल पेप्टाइड्स होते हैं, जो बैक्टीरियल ग्रोथ को कम करने में मदद कर सकते हैं।

इन नुस्खों का इस्तेमाल कैसे करें

जायफल और धनिया– इन्हें पीसकर सीधे पिंपल्स पर लगाएं। 15 मिनट तक चेहरे पर रहने दें, फिर हल्के गुनगुने पानी से धो लें।

एलोवेरा जैल– इसे पूरे चेहरे पर लगा सकते हैं। यह त्वचा को ठंडक और सूदिंग इफेक्ट देता है।

किसी भी नुस्खे का इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें, ताकि एलर्जी या रैशेज़ से बचा जा सके।ये आयुर्वेदिक उपाय प्राकृतिक और सुरक्षित हैं और नियमित इस्तेमाल से पिंपल्स और एक्ने कम करने में मदद कर सकते हैं।