Ramzan Special: मोहब्बत का शरबत छोड़िए, इस रमजान घर पर बनाएं ‘नफरत का शरबत’, जानें आसान रेसिपी

KNEWS DESK- रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और इस दौरान इफ्तार के समय ठंडे और ताजगी देने वाले शरबतों की खूब मांग रहती है। घरों से लेकर बाजारों तक तरह-तरह के शरबत बनाए और पिए जाते हैं। खासकर दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में मिलने वाला मोहब्बत का शरबत काफी मशहूर है, जिसे तरबूज, दूध और रूह अफजा के साथ तैयार किया जाता है।

लेकिन अगर आप इस बार कुछ नया और अलग ट्राई करना चाहते हैं तो नफरत का शरबत जरूर बना सकते हैं। नाम भले ही थोड़ा अजीब लगे, लेकिन स्वाद के मामले में यह बेहद लाजवाब होता है।

जामा मस्जिद की गलियों में मशहूर है नफरत का शरबत

दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके की गलियों में रमजान के दौरान नफरत का शरबत काफी लोकप्रिय होता है। लोग दूर-दूर से यहां इसे चखने आते हैं। यह शरबत दूध, खरबूजा, गुलाब सिरप और सब्जा के बीज से तैयार किया जाता है, जो गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ स्वाद में भी काफी मजेदार होता है। अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं।

नफरत का शरबत बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • 2 कप ठंडा दूध
  • 1 कप पका हुआ खरबूजा (मैश किया हुआ)
  • 2–3 बड़े चम्मच गुलाब सिरप
  • 1–2 बड़े चम्मच चीनी (स्वाद अनुसार)
  • 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • 1–2 बड़े चम्मच भीगे हुए सब्जा (तुलसी) के बीज
  • बर्फ के टुकड़े
  • कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (बादाम, पिस्ता)

नफरत का शरबत बनाने की आसान विधि

  1. सबसे पहले पके हुए खरबूजे को अच्छी तरह मैश या हल्का ब्लेंड कर लें ताकि उसका स्मूद पल्प तैयार हो जाए। इसके बाद एक बड़े बर्तन में ठंडा दूध लें और उसमें चीनी डालकर अच्छी तरह घोल लें।
  2. अब दूध में खरबूजे का पल्प डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इसमें गुलाब सिरप और इलायची पाउडर डालें, जिससे शरबत में खुशबू और हल्की गुलाबी रंगत आ जाएगी।
  3. अब भीगे हुए सब्जा के बीज डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें। शरबत को ठंडा करने के लिए इसमें बर्फ के टुकड़े डाल दें या कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें।
  4. जब शरबत अच्छी तरह ठंडा हो जाए तो इसे गिलास में डालें और ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और थोड़ा गुलाब सिरप डालकर सजाएं। इस तरह आपका स्वादिष्ट नफरत का शरबत तैयार है।

नफरत का शरबत पीने के फायदे

नफरत का शरबत स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। गर्मियों में इसे पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और ताजगी बनी रहती है। इसमें मौजूद खरबूजा और ठंडा दूध शरीर की गर्मी को कम करने में मदद करते हैं और शरीर को हाइड्रेट रखते हैं। वहीं, सब्जा यानी तुलसी के बीज पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं और पेट को ठंडक देते हैं।

इसके अलावा दूध और ड्राई फ्रूट्स शरीर को ऊर्जा देते हैं और कमजोरी दूर करने में मदद करते हैं। ऐसे में यह शरबत स्वाद और सेहत दोनों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *