गर्मियों में इन 5 चीजों के साथ करेले का सेवन कभी न करें, वरना हो सकता है सेहत को नुकसान

KNEWS DESK- गर्मी के मौसम में खानपान का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। इस मौसम में करेला एक बेहतरीन हेल्दी विकल्प हो सकता है। स्वाद में भले ही यह कड़वा होता हो, लेकिन इसमें मौजूद पोषक तत्व इसे औषधीय गुणों से भरपूर बना देते हैं। करेला हाई बीपी को नियंत्रित करने, खून साफ करने और कैंसर जैसी बीमारियों से लड़ने में सहायक होता है। इसके अलावा, यह पेट साफ करने में भी मदद करता है।

भारत में करेला कई रूपों में खाया जाता है – कोई इसकी सब्जी बनाता है, तो कोई इसका जूस पीता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि करेले को कुछ खास चीजों के साथ नहीं खाना चाहिए? आइए जानते हैं किन चीजों के साथ करेले का सेवन नहीं करना चाहिए।

डेयरी प्रोडक्ट्स से करें परहेज

करेले के साथ दूध, दही, पनीर या चीज जैसी डेयरी चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। कई लोग करेले की सब्जी के साथ दही खाना पसंद करते हैं, लेकिन ऐसा करना पाचन के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे गैस, अपच और पेट फूलने की समस्या हो सकती है।

फल और करेला – एक साथ नहीं

करेले के साथ केले, सेब और आम जैसे मीठे फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। कड़वे और मीठे का यह कॉम्बिनेशन शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है, जिससे मुंहांसे और नाक से खून बहने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

फ्राइड फूड से दूरी बनाए रखें

करेले के साथ समोसा, फ्राइड चिकन या अन्य तले हुए खाने का सेवन नहीं करना चाहिए। यह न केवल करेले के पोषक तत्वों को कम कर देता है, बल्कि इसका असली स्वाद भी खत्म हो जाता है। साथ ही, इससे पेट भारी महसूस हो सकता है।

ज्यादा मसाले डालना पड़ सकता है भारी

बहुत अधिक मसालेदार खाना खाने से सीने में जलन और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। करेले जैसी औषधीय सब्जी को अधिक मसालों के साथ पकाना इसके गुणों को कम कर देता है और पाचन पर भी बुरा असर डालता है।

एसिडिक फूड से करें बचाव

टमाटर और खट्टे फलों जैसे नींबू, संतरों का सेवन करेले के साथ नहीं करना चाहिए। ये चीजें करेले के साथ रिएक्ट कर सकती हैं, जिससे आपको अपच, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

करेला भले ही सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है, लेकिन इसे सही तरीके से और सही चीजों के साथ खाना जरूरी है। गलत चीजों के साथ इसका सेवन आपके स्वास्थ्य को नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए अगली बार जब आप करेला खाएं, तो इन बातों का जरूर ध्यान रखें।