KNEWS DESK- शारदीय नवरात्रि में हर दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस बार अष्टमी तिथि 30 सितंबर को पड़ रही है। यह दिन अंधकार पर देवी दुर्गा की विजय का प्रतीक माना जाता है। महान अष्टमी पर लोग माता की पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ कन्या पूजन करते हैं और व्रत का समापन करते हैं। इस अवसर पर घरों में सात्विक और स्वादिष्ट भोजन तैयार किया जाता है।

अधिकतर घरों में इस दिन आलू-पूरी, छोले, हलवा और खीर बनाना परंपरा है। लेकिन अगर आप अपने भोग और कन्या भोजन में कुछ अलग और स्वादिष्ट शामिल करना चाहते हैं, तो नारियल हलवा, मखाना खीर और मालपुआ बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। ये मिठाइयाँ बनाने में आसान होने के साथ-साथ स्वाद और पोषण से भरपूर हैं।
नारियल हलवा
नारियल की बर्फी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इसका हलवा भी उतना ही लाजवाब होता है।

सामग्री:
- कद्दूकस किया हुआ नारियल
- घी
- दूध
- चीनी
- कटे हुए मेवे
विधि:
- कढ़ाई में घी गरम करें और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर 4-5 मिनट धीमी आंच पर भूनें।
- हल्की खुशबू आने लगे तो इसमें दूध डालें और गाढ़ा होने तक पकाएं।
- अब चीनी डालकर लगातार चलाते रहें।
- जब घी अलग होने लगे तो गैस बंद कर दें।
- ऊपर से मेवे डालकर गर्म या ठंडा हलवा परोसें।
मखाना खीर
अष्टमी के दिन बनने वाली यह सात्विक मिठाई पोषण से भी भरपूर होती है।

सामग्री:
- मखाने
- घी
- दूध
- चीनी
- मेवे
विधि:
- तवे पर घी गरम कर मखानों को हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
- एक पैन में दूध को धीमी आंच पर उबालें।
- दूध में मखाने डालकर बीच-बीच में चलाते हुए आधा होने तक पकाएं।
- अब इसमें चीनी और मेवे डालें और कुछ मिनट पकाकर गैस बंद कर दें।
- ठंडी या गरमा-गरम खीर परोसें।
मालपुआ
त्योहार की थाली में मिठास बढ़ाने के लिए मालपुआ एक बेहतरीन विकल्प है।

सामग्री:
- मैदा
- बेसन
- दूध
- पानी
- खोया (वैकल्पिक)
- चीनी की चाशनी
- तलने के लिए तेल/घी
विधि:
- मैदा और बेसन को मिलाकर दूध और पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें।
- चाहें तो इसमें खोया भी मिला सकते हैं। घोल को थोड़ी देर सेट होने दें।
- अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर चाशनी बना लें।
- कढ़ाई में तेल/घी गरम करके गोल मालपुए तलें।
- इन्हें तुरंत गर्म चाशनी में डालकर कुछ सेकंड बाद निकाल लें।
- ऊपर से सूखे मेवे या पिस्ता से सजाकर परोसें।
नवरात्रि अष्टमी पर माता को भोग लगाने और कन्याओं को भोजन कराने का विशेष महत्व है। इस दिन बनाए गए नारियल हलवा, मखाना खीर और मालपुआ न केवल स्वाद में बेहतरीन हैं बल्कि यह सभी को प्रसन्न कर देंगे। इस बार आप भी अपनी थाली में इन खास मिठाइयों को शामिल करें और पर्व का आनंद दोगुना करें।