KNEWS DESK- सुबह की शुरुआत अगर सही और हेल्दी नाश्ते से हो तो दिनभर शरीर में एनर्जी बनी रहती है और मूड भी अच्छा रहता है। लेकिन भारतीय घरों में अब भी कई लोग चाय के साथ बिस्कुट, नमकीन, रस्क या ब्रेड जैसे प्रोसेस्ड फूड लेते हैं, जो शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे न सिर्फ थकान जल्दी महसूस होती है, बल्कि एसिडिटी और गैस की समस्या भी हो सकती है।

ऐसे में जरूरी है कि ब्रेकफास्ट ऐसा हो जो पोषक तत्वों से भरपूर हो, जल्दी बन जाए और स्वाद में भी बढ़िया लगे। इस जरूरत को पूरा करते हैं तरह-तरह के चीले, जो कम तेल में बनते हैं, हेल्दी होते हैं और पेट भी देर तक भरा रखते हैं। आइए जानते हैं पांच अलग-अलग तरह के पोषक चीले, जिन्हें आप ब्रेकफास्ट में शामिल कर सकते हैं।
मल्टीग्रेन चीला
मल्टीग्रेन चीला अलग-अलग अनाजों जैसे गेहूं, चना, रागी, ज्वार और मक्के के आटे से बनाया जाता है। ये सभी अनाज मिलकर शरीर को भरपूर फाइबर, प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स देते हैं। इसे बनाने के लिए:

- सभी आटे बराबर मात्रा में मिलाकर रखें।
- अदरक, हरी मिर्च, धनिया काटकर मिलाएं।
- स्वादानुसार नमक और चुटकीभर हींग डालें।
- पानी मिलाकर घोल बनाएं और तवे पर सेंक लें।
- ये चीला पेट लंबे समय तक भरा रखता है और दिनभर की एनर्जी देता है।
मूंग दाल चीला
मूंग दाल चीला हाई प्रोटीन होता है और मसल्स रिकवरी के लिए बेस्ट माना जाता है। खासतौर पर वर्कआउट के बाद इसे खाना फायदेमंद होता है।

- रातभर मूंग दाल भिगो दें।
- सुबह पीसकर उसमें प्याज, हरी मिर्च, नमक, हल्दी मिलाएं।
- तवे पर फैला कर दोनों तरफ सेंकें।
- ये चीला हल्का, स्वादिष्ट और डाइजेशन के लिए भी बढ़िया है।
ओट्स का चीला
ओट्स का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे यह डायबिटिक लोगों के लिए सुरक्षित है। साथ ही यह वजन घटाने वालों के लिए भी अच्छा ऑप्शन है।

- ओट्स को थोड़ी देर भिगोकर पीस लें।
- इसमें दही, बेसन, मसाले और नमक मिलाएं।
- घोल तैयार करके तवे पर कुरकुरा चीला बनाएं।
- यह चीला पाचन सुधारता है और लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता।
रागी का चीला
रागी एक सुपरफूड है जिसमें भरपूर कैल्शियम होता है। ये हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है।

- रागी का आटा, दही, नमक और मसाले मिलाकर घोल बनाएं।
- आप इसमें कद्दूकस की हुई गाजर या चुकंदर भी मिला सकते हैं।
- धीमी आंच पर तवे पर सेकें।
- हरी चटनी के साथ यह चीला बहुत स्वादिष्ट लगता है।
चुकंदर का चीला
चुकंदर शरीर में खून की कमी दूर करता है और फोलिक एसिड से भरपूर होता है।

- चुकंदर को कद्दूकस करें और बेसन में मिलाएं।
- हरी मिर्च, नमक और मसाले डालें।
- पानी मिलाकर घोल बनाएं और तवे पर सेंकें।
- यह चीला खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए बहुत फायदेमंद है।
अगर आप हेल्दी और जल्दी बनने वाले ब्रेकफास्ट की तलाश में हैं, तो ये पांच तरह के चीले आपके लिए परफेक्ट हैं। ये न केवल स्वाद में लाजवाब हैं, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर हैं जो पूरे दिन आपको एक्टिव बनाए रखते हैं।