KNEWS DESK- हर कोई चाहता है कि दिन की शुरुआत हेल्दी और टेस्टी नाश्ते से हो, लेकिन सुबह की भागदौड़ में कुछ ऐसा चाहिए जो झटपट बने और पेट भी देर तक भरा रखे। ऐसे में गार्लिक बेसन चीला एक बेहतरीन ब्रेकफास्ट ऑप्शन साबित हो सकता है।

यह चीला प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, वहीं इसमें डाली जाने वाली सब्जियां इसकी न्यूट्रिशन वैल्यू को और बढ़ा देती हैं। ऊपर से लहसुन का तड़का इसके स्वाद को दोगुना कर देता है और पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है।
क्यों खास है गार्लिक बेसन चीला?
- प्रोटीन और फाइबर से भरपूर।
- लंबे समय तक पेट भरा रखता है।
- बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।
- वजन कंट्रोल और पाचन के लिए फायदेमंद।
- बिना ज्यादा तेल के बन जाता है।
गार्लिक बेसन चीला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
चीला बैटर के लिए:
- 1 कप बेसन
- 2 चम्मच चावल का आटा
- चुटकीभर हल्दी
- स्वादानुसार नमक
- पानी (जरूरत अनुसार)
लहसुन चटनी के लिए:
- 4-5 लहसुन की कलियां
- थोड़ा सा जीरा
- लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
- नमक
स्टफिंग के लिए:
- कद्दूकस किया हुआ पनीर
- कद्दूकस की हुई गाजर
- बारीक कटी पत्तागोभी
- बारीक कटा प्याज
- बारीक कटी शिमला मिर्च
- हरा धनिया
अन्य:
- तेल या घी (सेकने के लिए)
गार्लिक बेसन चीला बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: लहसुन की चटनी तैयार करें
सबसे पहले लहसुन, जीरा, लाल मिर्च और नमक को कूटकर या पीसकर एक तीखी और स्वादिष्ट चटनी बना लें।
स्टेप 2: बेसन का घोल बनाएं
एक बाउल में बेसन, चावल का आटा, हल्दी, नमक और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर चिकना और न ज्यादा गाढ़ा घोल तैयार करें।
स्टेप 3: सब्जियों की स्टफिंग तैयार करें
दूसरे बाउल में पनीर, गाजर, पत्तागोभी, प्याज, शिमला मिर्च और हरा धनिया अच्छी तरह मिलाएं।
स्टेप 4: चीला सेकें
तवा गरम करें और हल्का तेल लगाएं. अब तवे पर बेसन का घोल डालकर पतली परत में फैलाएं।
स्टेप 5: स्टफिंग डालें
जब चीला हल्का सुनहरा हो जाए, तो पलटें. ऊपर लहसुन की चटनी फैलाएं और फिर सब्जियों की स्टफिंग डाल दें।
स्टेप 6: ढककर पकाएं
चीले को 2–3 मिनट मध्यम आंच पर ढककर पकाएं, ताकि स्टफिंग अच्छी तरह सेट हो जाए।
ऐसे करें सर्व
गरमागरम गार्लिक बेसन चीला को हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोसें। चाहें तो इसे बच्चों के टिफिन में भी पैक कर सकते हैं।
टिप
अगर आप इसे और हेल्दी बनाना चाहते हैं तो चीले को घी की जगह ऑलिव ऑयल या कम तेल में सेकें।