गुड़ और नारियल के लड्डू: स्वाद के साथ सेहत का खजाना, हड्डियों को बनाएं मजबूत

KNEWS DESK: अगर आप हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए कोई स्वादिष्ट और घरेलू उपाय ढूंढ रहे हैं, तो गुड़ और नारियल से बने लड्डू आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। ये लड्डू न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं।

गुड़ में मौजूद आयरन और खनिज तत्व शरीर को ताकत देते हैं, वहीं नारियल में पाए जाने वाले हेल्दी फैट्स और सूखे मेवों की पोषकता हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है। नियमित और सीमित मात्रा में इनका सेवन शरीर को ऊर्जा देने के साथ कई स्वास्थ्य लाभ पहुंचाता है।

लड्डू बनाने के लिए सामग्री

  • देसी घी – 3 बड़े चम्मच
  • कसा हुआ नारियल – 2 कप
  • गुड़ – लगभग 250 ग्राम
  • मूंगफली – 100 ग्राम
  • सूखे मेवे (बादाम, काजू) – 1 कप
  • किशमिश – 2 बड़े चम्मच
  • खरबूजे के बीज – 2 बड़े चम्मच
  • इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • सौंफ पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • सूखा नारियल (लपेटने के लिए)

बनाने की आसान विधि

सबसे पहले कढ़ाही में मूंगफली को हल्का भून लें। ठंडा होने के बाद उसका छिलका हटाकर दरदरा कूट लें। इसके बाद सूखे मेवों को भी हल्का भूनकर छोटे टुकड़ों में काट लें।

अब कढ़ाही में देसी घी डालें और उसमें कसा हुआ नारियल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद इसमें मूंगफली, सूखे मेवे, किशमिश और खरबूजे के बीज डालकर अच्छी तरह मिला लें।

दूसरी तरफ एक पैन में थोड़ा पानी डालकर गुड़ को पिघलाएं और हल्की चाशनी तैयार करें। ध्यान रखें कि चाशनी ज्यादा गाढ़ी न हो।

अब इस चाशनी को तैयार मिश्रण में डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। इसमें इलायची और सौंफ पाउडर डालकर खुशबू बढ़ाएं।

जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब हाथों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें और ऊपर से सूखे नारियल में लपेट लें।

सेवन का सही तरीका

इन लड्डुओं का रोजाना 1–2 की मात्रा में सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। इससे हड्डियों को मजबूती मिलती है और शरीर को भरपूर ऊर्जा भी मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *