बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल बन रहा है साइलेंट किलर? जानें कारण और कोलेस्ट्रॉल कम करने के देसी-आयुर्वेदिक उपाय

KNEWS DESK- आज की अनहेल्दी लाइफस्टाइल में कोलेस्ट्रॉल बढ़ना एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन चुकी है। गलत खान-पान, शारीरिक गतिविधि की कमी और लगातार बढ़ता तनाव धीरे-धीरे शरीर का संतुलन बिगाड़ देता है। जब कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है, तो यह दिल की नसों में जमकर ब्लॉकेज पैदा कर सकता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की मुख्य वजहें

कोलेस्ट्रॉल को अक्सर साइलेंट किलर कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण समय पर नजर नहीं आते। इसके बढ़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं—

  • ज्यादा तला-भुना और जंक फूड खाना।
  • घी-मक्खन और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन।
  • फिजिकल एक्टिविटी की कमी।
  • ज्यादा तनाव और अनियमित दिनचर्या।
  • लीवर की कार्यक्षमता कमजोर होना।
  • थायरॉयड की सक्रियता कम होना।
  • लंबे समय तक स्टेरॉयड का सेवन।

आयुर्वेद के अनुसार, जब शरीर में कफ और विष एक साथ बढ़ते हैं, तब भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगता है।

अच्छे और बुरे कोलेस्ट्रॉल का फर्क

कोलेस्ट्रॉल दो तरह का होता है—

  • HDL (अच्छा कोलेस्ट्रॉल) – जो दिल की सेहत के लिए जरूरी होता है।
  • LDL (बुरा कोलेस्ट्रॉल) – जो नसों में जमकर रुकावट पैदा करता है।

LDL को कम और HDL को बढ़ाना ही कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने की कुंजी है।

कोलेस्ट्रॉल कम करने के घरेलू उपाय

अच्छी बात यह है कि कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए हमेशा महंगी दवाओं की जरूरत नहीं होती। कुछ आसान घरेलू उपाय काफी असरदार हो सकते हैं—

  • आधा चम्मच अदरक का रस, आधा चम्मच नींबू का रस और 1 कली लहसुन मिलाकर भोजन से पहले लें।
  • दिन में 2-3 बार त्रिकटु और शहद का सेवन करें। यह शरीर में जमा विष को जलाने और कफ को संतुलित करने में मदद करता है।

औषधीय उपाय भी देंगे फायदा

अगर कोलेस्ट्रॉल ज्यादा बढ़ गया हो, तो आयुर्वेदिक औषधीय उपाय भी अपनाए जा सकते हैं—3 भाग कुटकी, 3 भाग चित्रक और ¼ भाग शिलाजीत मिलाएं। इसे गर्म पानी के साथ दिन में दो बार सेवन करें। यह उपाय मेटाबॉलिज्म सुधारने और कोलेस्ट्रॉल घटाने में सहायक माना जाता है।

अर्जुन की छाल का काढ़ा: दिल के लिए वरदान

कोलेस्ट्रॉल कम करने का सबसे प्रभावी आयुर्वेदिक उपाय माना जाता है अर्जुन की छाल का काढ़ा। यह न केवल कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद करता है, बल्कि दिल और धमनियों को भी मजबूत बनाता है।

काढ़ा बनाने की विधि

  • 2 कप पानी लें।
  • उसमें 1 चम्मच अर्जुन की छाल डालकर उबालें।
  • जब पानी 1 कप रह जाए, तो छानकर गुनगुना पिएं।

लाइफस्टाइल सुधार भी है जरूरी

घरेलू उपायों के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव कम करना भी बेहद जरूरी है। सही दिनचर्या अपनाकर आप कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रख सकते हैं और दिल को लंबे समय तक स्वस्थ बना सकते हैं।