KNEWS DESK, शायद ही कोई ऐसा होगा जो रोज ब्रश नहीं करता होगा। हां, कुछ लोग परंपरागत तरीके से दातून करते हैं, लेकिन उनकी संख्या बहुत कम है। आमतौर पर लोग टूथब्रश का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें प्लास्टिक से बने ब्रश का इस्तेमाल किया जाता है। हम रोज़ ब्रश करते हैं, दातों को साफ करते हैं और फिर ब्रश को पानी से धोकर होल्डर में रख देते हैं। कुछ महीनों बाद जब ब्रश का प्लास्टिक फैला हुआ दिखने लगता है, तो हम उसे बदल लेते हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह तरीका सही नहीं है। अगर आप टूथब्रश को पानी में धोकर होल्डर में रख देते हैं, तो यह आपके लिए खतरनाक हो सकता है।
क्यों पानी में धोकर ब्रश रखना है खतरनाक जानें?
बैक्टीरिया और फंगस का बढ़ना
द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, टूथब्रश पर पहले से लाखों बैक्टीरिया होते हैं। अगर आप इसे पानी से धोकर होल्डर में रख देते हैं, तो इसमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने का खतरा और बढ़ जाता है। पानी डालने से टूथब्रश में नमी आ जाती है, और यह सूक्ष्मजीवों के लिए आदर्श वातावरण बनाता है। इसके बाद यह बैक्टीरिया, फंगस और मॉल्ड आपके मुंह में पहुंच सकते हैं और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
टूथब्रश होल्डर में भी बैक्टीरिया होते हैं
टूथब्रश होल्डर में पहले से असंख्य बैक्टीरिया और मॉल्ड मौजूद होते हैं। जब इसमें नमी बढ़ती है, तो ये सूक्ष्मजीव और अधिक फैलते हैं। जब आप टूथब्रश का इस्तेमाल करते हैं, तो ये बैक्टीरिया आपके शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे पेट की बीमारियां और संक्रमण हो सकते हैं।
क्या करें?
टूथब्रश को अच्छे से सुखाएं
टूथब्रश पर हमेशा बैक्टीरिया होते हैं, लेकिन इससे बचने के लिए आपको इसे सही तरीके से साफ करना चाहिए। जब आप इसे पानी से धो लें, तो ध्यान रखें कि इसे अच्छे से सुखा लें, ताकि इसमें नमी न रहे। फिर इसे होल्डर में रखें।
सप्ताह में एक बार टूथब्रश को विशेष रूप से साफ करें
सप्ताह में एक दिन टूथब्रश को विशेष रूप से साफ करना जरूरी है। इसके लिए आप डेंचर टैबलेट का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस टैबलेट में थोड़ा पानी डालकर ब्रश को इसमें डुबोकर रखें। इससे टूथब्रश कुछ दिनों तक बैक्टीरिया से मुक्त रहेगा और आप बीमारियों से बच सकेंगे।
टूथब्रश होल्डर को भी साफ करें
सप्ताह में एक बार टूथब्रश होल्डर को भी अच्छे से साफ करें और उसे सुखा लें। फिर इसमें ब्रश को रखें। इस तरह से होल्डर और टूथब्रश दोनों को साफ रखना जरूरी है, ताकि बैक्टीरिया का खतरा कम हो सके। टूथब्रश को सही तरीके से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। इसे अच्छे से साफ करना और सूखा रखना आपके स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। अगर आप यह सही तरीका अपनाएंगे तो आप कई बीमारियों से बच सकते हैं और स्वस्थ रह सकते हैं।