गोवर्धन पूजा 2025: गोवर्धन पर बनाएं अन्नकूट का ये पौष्टिक प्रसाद, स्वाद के साथ सेहत के लिए भी बेहतरीन, जानें रेसिपी

KNEWS DESK- दिवाली के अगले दिन प्रतिपदा तिथि पर गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। यह दिन भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज गोवर्धन पर्वत को समर्पित होता है। इस मौके पर लोग गौ माता की पूजा करते हैं और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। पर्व का खास महत्व अन्नकूट भोग से जुड़ा है। यह भोग भगवान कृष्ण को समर्पित किया जाता है और साथ ही इसमें प्रकृति, पशुधन और अन्न के प्रति सम्मान का भाव छिपा होता है।

2025 में दिवाली 20 अक्टूबर को मनाई गई थी और गोवर्धन पूजा 22 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस दिन घरों में विशेष रूप से अन्नकूट तैयार किया जाता है। जिसमें कई तरह की मौसमी सब्जियां, दालें और अनाज शामिल होते हैं। यह न सिर्फ भक्ति का प्रतीक है, बल्कि शरीर के लिए बेहद फायदेमंद भी है।

होलिस्टिक डायटिशियन गीतिका चोपड़ा बताती हैं कि गोवर्धन पूजा पर बनने वाला अन्नकूट डिश हेल्थ के लिहाज से परफेक्ट है। इसमें कई तरह की सब्जियां और अनाज होने की वजह से यह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है। यह आपके डाइजेशन को बेहतर करता है, दिवाली के बाद बॉडी को क्लींज करता है और मूड बैलेंस करने में मदद करता है।

अन्नकूट बनाने के लिए सामग्री

  • 2 आलू, 2-3 छोटे बैंगन, 150 ग्राम फूलगोभी
  • 100 ग्राम सेम, 100 ग्राम सैगरी, 1 गाजर, 1 मूली
  • 2 टिंडे, 2-3 अरबी, 6-7 भिंडी, 2-3 परवल
  • 1 शिमला मिर्च, लौकी का टुकड़ा, 1 कच्चा केला, पंपकिन का टुकड़ा
  • 4-5 टमाटर, हरी मेथी की एक कटोरी
  • चना, राजमा (उबले हुए), और थोड़ा-सा बाजरा

मसाले

  • 2-3 हरी मिर्च, 100 ग्राम हरा धनिया
  • हल्दी पाउडर 1½ छोटा चम्मच, जीरा 1 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर 2 छोटे चम्मच, लाल मिर्च पाउडर ¾ छोटा चम्मच
  • गरम मसाला ½ छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार
  • हींग 2-3 पिंच, तेल 3-4 टेबल स्पून, अदरक 2 इंच का टुकड़ा
  • अमचूर पाउडर (वैकल्पिक)

बनाने की विधि

  1. सारी सब्जियों को धोकर मीडियम साइज में काट लें।
  2. एक बड़ी कढ़ाही में तेल गरम करें, उसमें जीरा और हींग डालकर तड़का लगाएं।
  3. हल्दी, धनिया पाउडर, अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें।
  4. अब इसमें लाल मिर्च, नमक और बाजरा डालकर हल्का भूनें।
  5. सारी सब्जियां डालकर 2-3 मिनट तक चलाएं, फिर 1 कप पानी डालकर ढक दें।
  6. जब सब्जियां नरम हो जाएं, तो उबले हुए चना और राजमा डालें और पकाएं।
  7. आखिर में टमाटर, गरम मसाला, अमचूर और हरा धनिया मिलाकर ढक दें।

कुछ ही देर में आपका स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर अन्नकूट प्रसाद तैयार है। जो भगवान को भोग लगाने के बाद पूरे परिवार के साथ बांटा जाता है। इस बार गोवर्धन पूजा पर भक्ति और हेल्थ दोनों का संगम करें। अन्नकूट बनाएं और इस पर्व का असली स्वाद और सार महसूस करें।