गणेश उत्सव मुंबई ही नहीं, इन जगहों पर भी मनाया जाता है बड़ी धूमधाम के साथ

KNEWS DESK- गणेश उत्सव पूरे देशभर में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। भक्त धूम-धाम से बप्पा को घर और पंडालों में स्थापित करते हैं। इस साल गणेश चतुर्थी 27 अगस्त को मनाई जाएगी। परंपरा के अनुसार, भक्त मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा की स्थापना करते हैं और दस दिनों तक भजन-कीर्तन, पूजा और आरती से वातावरण भक्तिमय बना रहता है। बप्पा को तरह-तरह के व्यंजन और मिठाइयों का भोग लगाया जाता है और चारों तरफ़ “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंजते हैं।

मुंबई

मुंबई में गणेश उत्सव की धूम सबसे अलग होती है। शहर के कोने-कोने में बड़े-बड़े पंडाल सजते हैं। यहां का सबसे प्रसिद्ध लालबागचा राजा है, जिसके दर्शन के लिए आम लोग ही नहीं बल्कि बॉलीवुड सितारे भी पहुंचते हैं।

पुणे

महाराष्ट्र का पुणे भी गणेश उत्सव की भव्यता के लिए जाना जाता है। यहां का दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर सबसे प्रसिद्ध है। लाखों श्रद्धालु हर साल दर्शन के लिए आते हैं। सार्वजनिक मंडलों की सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस उत्सव को और खास बना देते हैं।

हैदराबाद

हैदराबाद में गणेश उत्सव बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। यहां का खैरताबाद गणेश आकर्षण का मुख्य केंद्र है, जिसकी विशाल मूर्ति हर साल अलग थीम पर तैयार की जाती है। इसके अलावा बालापुर गणेश भी काफी प्रसिद्ध है।

गोवा

गोवा में गणेश चतुर्थी को चावोथ कहा जाता है। यहां अधिकतर लोग बप्पा की स्थापना अपने घरों में करते हैं। पांच दिन बाद पूरी विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इस उत्सव की तैयारी गोवा में काफी पहले से ही शुरू हो जाती है।

दिल्ली

दिल्ली में भी गणेश उत्सव बड़े जोश के साथ मनाया जाता है। कई इलाकों में बड़े पंडाल लगाकर गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती है। सुबह-शाम की आरती से वातावरण भक्तिमय हो जाता है। अंत में यमुना नदी के किनारे बप्पा का विसर्जन किया जाता है। इस तरह, मुंबई से लेकर दिल्ली और पुणे से गोवा तक, पूरा देश गणेश उत्सव के रंग में रंग जाता है।