KNEWS DESK, गर्मी का मौसम आते ही शरीर को ठंडक देने और हाइड्रेट रखने की ज़रूरत बढ़ जाती है। ऐसे में लोग तरबूज, छाछ, नींबू पानी जैसी चीज़ों का सेवन करते हैं। लेकिन एक और स्वादिष्ट और हेल्दी विकल्प है – मोहितो। यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि एनर्जी भी बढ़ाता है और पाचन को भी दुरुस्त रखता है।
गर्मियों में खाने के बाद मोहितो पीना कई लोगों की पहली पसंद बन चुका है। आज हम आपको घर पर आसानी से बनाए जाने वाले तीन खास मोहितो की रेसिपी बताएंगे, जिन्हें बनाकर आप भी खुद को तरोताज़ा महसूस कर सकते हैं।
1. अनार वाला मोहितो – मीठा, खट्टा और बेहद रिफ्रेशिंग
सामग्री:
- 2-3 चम्मच अनार के दाने
- ½ टीस्पून नींबू का रस
- कुछ पुदीने की पत्तियां
- स्वादानुसार पाउडर शुगर
- बर्फ के टुकड़े
- क्लब सोडा
- नींबू के स्लाइस
बनाने का तरीका: एक गिलास में अनार, नींबू का रस, पुदीने की पत्तियां और पाउडर शुगर डालें। इन्हें अच्छे से क्रश करें। अब इसमें बर्फ डालें, क्लब सोडा मिलाएं और ऊपर से नींबू के स्लाइस सजाएं। तैयार है ठंडा-ठंडा अनार मोहितो।
2. सेब का मोहितो – सेहत और स्वाद का अनोखा मेल
सामग्री:
- 1 छोटा सेब (कटा हुआ)
- स्वादानुसार चीनी
- थोड़ा पानी
- पुदीने की पत्तियां
- बर्फ के टुकड़े
- क्लब सोडा
बनाने का तरीका: कटे हुए सेब को पानी और चीनी के साथ ब्लेंड कर लें, जिससे जूस बन जाए। अब इस जूस को एक गिलास में डालें। ऊपर से बर्फ, पुदीने की पत्तियां और क्लब सोडा मिलाएं। हल्का सा मिक्स करें और ठंडा-ठंडा परोसें।
3. ब्लैक ग्रेप्स मोहितो – चटपटा और एनर्जेटिक
सामग्री:
- 1 कप काले अंगूर
- कुछ पुदीने की पत्तियां
- ½ टीस्पून नींबू का रस
- चुटकी भर काला नमक
- 1/4 टीस्पून चाट मसाला
- चुटकी भर भुना जीरा पाउडर
- थोड़ा पानी
- बर्फ के टुकड़े
- पाउडर शुगर
- क्लब सोडा
बनाने का तरीका: ब्लैक ग्रेप्स, पुदीना, नींबू रस, मसाले और पानी को मिक्सी में ग्राइंड कर लें। अब एक गिलास में बर्फ और पाउडर शुगर डालें। ऊपर से क्लब सोडा मिलाएं और फिर तैयार ग्रेप्स का मिश्रण डालकर मिक्स करें। ऊपर से अंगूर और पुदीने की पत्तियां डालकर सर्व करें। इन तीनों मोहितो रेसिपीज़ को आप गर्मी के मौसम में अपने रोज़ाना के डाइट में शामिल कर सकते हैं। यह न सिर्फ आपको लू से बचाएंगे, बल्कि शरीर को ठंडक, एनर्जी और स्वाद का भरपूर आनंद भी देंगे। तो इस गर्मी, घर पर बनाएं ये ठंडे-ठंडे मोहितो और खुद को रखें हाइड्रेटेड और फ्रेश!