बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन, जानिए कैसी थी उनकी सादगी भरी लाइफस्टाइल

KNEWS DESK- हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र देओल ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका जाना केवल बॉलीवुड के लिए ही नहीं, बल्कि लाखों-करोड़ों फैंस के लिए भी एक अपूर्णीय क्षति है। पिछले कुछ दिनों से वह उम्र संबंधी दिक्कतों के चलते अस्पताल में भर्ती थे। हमेशा मुस्कुराते रहने वाले, बेहद जिंदादिल और जमीन से जुड़े धर्मेंद्र सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस के संपर्क में बने रहते थे। उनकी आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ भी रिलीज के लिए तैयार थी, लेकिन एक चमकता हुआ सितारा अब खामोश हो गया।

ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र ने बढ़ती उम्र में भी खुद को बेहद एक्टिव रखा। देसी खानपान से लेकर हल्की एक्सरसाइज और फिजिकल एक्टिविटी 89 साल की उम्र तक भी उनका फिटनेस पैशन कम नहीं हुआ। उनकी सादगी और सरल स्वभाव ने हमेशा ही लोगों का दिल जीता।

सादगी और देसी अंदाज था उनकी पहचान

धर्मेंद्र का लाइफस्टाइल हमेशा ही बहुत सिंपल रहा। वह अक्सर मुंबई से दूर लोनावला स्थित अपने फार्म हाउस में रहते थे, जहां उन्होंने गाय-भैंस पाली हुई थीं और खेती को भी बड़े प्यार से करते थे। फार्म पर उगाई गई ऑर्गेनिक सब्जियां, घर में बना देसी खाना, ताजी फल-सब्जियों का सेवन यही सब उनके रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा था। उनकी देहाती जीवनशैली और अपनी मिट्टी से जुड़ाव ने उन्हें और भी खास बना दिया।

उम्र के साथ फिटनेस का विशेष ध्यान

https://www.instagram.com/reels/CYBgtINvCFK/

बढ़ती उम्र के बावजूद धर्मेंद्र अपनी फिटनेस को लेकर बेहद सतर्क थे। हल्का व्यायाम,स्ट्रेचिंग,नियमित फिजियोथेरेपी, शरीर को एक्टिव रखने के घरेलू तरीके धर्मेंद्र अक्सर अपने वीडियो में दिखाते थे कि वे कैसे आटा चक्की को साइकलिंग से चलाते थे, यानी काम और वर्कआउट का अनोखा मिश्रण। यह उनका देसी स्टाइल था फिट रहने का।

स्विमिंग और आउटडोर एक्टिविटीज के थे शौकीन

फार्म हाउस में मौजूद स्विमिंग पूल धर्मेंद्र के लिए फिटनेस का एक और जरिया था। वे नियमित रूप से स्विमिंग करते थे। खेतों में ट्रैक्टर चलाते थे। पालतू पशुओं के साथ समय बिताते थे। खेतों में काम करने वालों के साथ घंटों बातचीत करते थे। ऐसी प्राकृतिक और सक्रिय जीवनशैली ने उन्हें उम्र के अंतिम पड़ाव तक स्वस्थ रखा।

अभिनय के 6 दशक और एक चमकदार सफर

1960 के दशक में फिल्मी सफर शुरू करने वाले धर्मेंद्र ने भारतीय सिनेमा को अनगिनत सुपरहिट्स दीं। शोले, चुपके चुपके, धरम वीर, सीता और गीता, नया जमाना, हकीकत जैसी फिल्मों ने उन्हें दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बसाया।

दिसंबर में उनकी आखिरी फिल्म का रिलीज होना था। यह संयोग भी दिल को छू जाता है कि 8 दिसंबर को उनका जन्मदिन होता है, और इसी महीने उनके अंतिम पर्दे का पल देखने को मिलेगा।

एक ऐसा सितारा जिसकी चमक कभी फीकी नहीं पड़ेगी

धर्मेंद्र का निधन यकीनन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा झटका है। उनकी सादगी, फिटनेस, ज़मीन से जुड़ी सोच, और फैंस के प्रति प्यार इन्हीं कारणों से वह हर उम्र के लोगों के दिलों पर राज करते रहेंगे। धर्मेंद्र भले ही इस दुनिया से चले गए हों, लेकिन उनके द्वारा रचा गया सिनेमा, उनकी मुस्कान, उनके डायलॉग और उनका देसी अंदाज हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेगा। ही-मैन को विनम्र श्रद्धांजलि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *