K News Desktop- मौत के बाद क्या होता है, यह सवाल आज भी इंसानों के लिए सबसे बड़े रहस्यों में से एक है। विज्ञान ने भले ही कई क्षेत्रों में बड़ी प्रगति कर ली हो, लेकिन मौत के बाद के अनुभव को लेकर अब भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर कुछ लोगों ने अपने ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जिनमें उन्होंने दावा किया है कि डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद उन्हें क्या महसूस हुआ और फिर कुछ समय बाद वे दोबारा जीवित हो गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, कई लोगों ने बताया कि मौत के करीब पहुंचने के दौरान उन्हें अलग-अलग तरह के अनुभव हुए। कुछ लोगों ने अजीब शांति महसूस होने की बात कही, तो कुछ ने अंधेरे या खालीपन जैसा एहसास होने का दावा किया।
ब्रिटेन के अखबार डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, करीब पांच साल पहले मॉनिटरमंकी नाम के एक रेडिट यूजर की बड़ी सर्जरी हुई थी। ऑपरेशन के दौरान उसके शरीर से इतना खून बह गया कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था, लेकिन कुछ मिनट बाद वह फिर से जीवित हो गया। उसने बताया कि उसे ऐसा लगा जैसे वह अंतरिक्ष जैसी किसी जगह पर मौजूद है, जहां न तारे थे और न रोशनी। उसने कहा कि वहां न गर्मी थी, न सर्दी, न भूख और न थकान—बस एक अजीब सी शांति थी।
उसने यह भी बताया कि उस दौरान वह अपने जीवन के बारे में सोच रहा था, लेकिन यह किसी फिल्म की तरह नहीं था। उसे ऐसा लगा जैसे वह किसी किताब के पन्ने पलट रहा हो और उनमें से जीवन की कुछ झलकियां सामने आ रही हों। उसके मुताबिक इस अनुभव ने उसके जीवन और मौत को लेकर सोचने का नजरिया बदल दिया।
एक अन्य व्यक्ति ने भी अपना अनुभव साझा किया। उसने बताया कि वह करीब 50 मील प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहा था, तभी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे चिकित्सकीय रूप से मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि उसे ऐसा लगा जैसे सब कुछ धीरे-धीरे अंधेरे और शांति में बदल रहा है। उसी दौरान उसे किसी की आवाज सुनाई दी, जो उसे उठने के लिए कह रही थी। जब उसने आंखें खोलीं तो उसे अपने भाई की झलक दिखाई दी, जिसकी कुछ साल पहले ड्रग्स ओवरडोज से मौत हो चुकी थी।
वहीं एक महिला ने बताया कि उसे गंभीर एलर्जी रिएक्शन हुआ था, जिसकी वजह से उसका दिल कुछ मिनटों के लिए रुक गया था। उसने दावा किया कि उस दौरान उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे कोई शक्ति उसे धीरे-धीरे पीछे की ओर खींच रही हो। कुछ समय बाद उसे एक बगीचे जैसा दृश्य दिखाई दिया, जहां बीच में एक झूला था और दो बच्चे दौड़ते हुए दिखाई दे रहे थे। महिला ने बताया कि उसे ऐसा लगा कि वह चाहे तो वहीं रुक सकती है या वापस जा सकती है।
महिला के मुताबिक, जब उसने सोचा कि वह अपनी मां को छोड़कर नहीं जाना चाहती, तभी उसे लगा कि कोई शक्ति उसे वापस जाने दे रही है। इसके बाद अचानक उसे होश आ गया। डॉक्टरों के अनुसार उस समय उसका दिल करीब छह मिनट तक धड़कना बंद कर चुका था और उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अनुभवों को नियर-डेथ एक्सपीरियंस कहा जाता है और इनकी वैज्ञानिक व्याख्या अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। फिर भी सोशल मीडिया पर सामने आए इन दावों ने लोगों के बीच मौत के बाद के रहस्य को लेकर नई बहस छेड़ दी है।