डिजिटल डेस्क- झारखंड की राजनीति में एक बड़ा और दुखद समाचार सामने आया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक चंपाई सोरेन के परिवार पर गहरा शोक का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 19 वर्षीय पौत्र वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह घटना ऐसे समय में घटी है जब पूरा परिवार अपने पैतृक गांव में एक सामूहिक आयोजन में शामिल था, लेकिन इस खबर ने सबकी खुशियों पर पानी फेर दिया है।
दोस्तों के साथ कुल्लू गए थे घूमने, वापस आने पर बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वीर सोरेन उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बाहर रहते थे। मंगलवार को वे अपने कुछ मित्रों के साथ हिमाचल प्रदेश के कुल्लू घूमने गए हुए थे। बताया जाता है कि वीर और उनके दोस्त बर्फबारी का आनंद लेने के लिए स्केटिंग करने गए थे। वहां देर तक मौज-मस्ती के बाद जब वे अपने होटल वापस लौटे, तो अचानक वीर की तबीयत बिगड़ गई। शुरुआत में लगा कि यह थकान की वजह से हुआ है, लेकिन उनकी हालत इतनी तेजी से बिगड़ी कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की जरूरत महसूस हुई।
पूर्व सीएम के घर मचा कोहराम
हालांकि, दुर्भाग्यवश तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही होटल के कमरे में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अभी तक मौत के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवा उम्र में हुई इस मौत ने सभी को हैरान कर दिया है। सूचना मिलते ही चंपाई सोरेन के परिवार में कोहराम मच गया है।