डिजिटल डेस्क- मां वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। 26 अगस्त को त्रिकुटा पहाड़ियों पर हुए भूस्खलन के बाद से बंद पड़ी यात्रा 14 सितंबर से दोबारा शुरू होने जा रही है। लगभग 17 दिन बाद माता के दरबार में श्रद्धालुओं की हाजिरी लग सकेगी। 26 अगस्त को भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था जिसमें 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने यात्रा को स्थगित कर दिया था। तब से मार्ग पूरी तरह बंद था और हजारों श्रद्धालु कटरा में ही फंसे हुए थे।
श्रद्धालु बोले – “दर्शन के बिना घर नहीं लौटेंगे”
कटरा पहुंचे श्रद्धालु लगातार यही कह रहे थे कि वे तभी लौटेंगे जब माता रानी के दर्शन कर लेंगे। अब यात्रा फिर शुरू होने की खबर से उनमें उत्साह लौट आया है।यात्रा बंद होने से सिर्फ श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी पर भी गहरा असर पड़ा।
- कटरा के होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों में सन्नाटा छा गया।
- रेहड़ी-पटरी, दुकानदार और पुजारी आमदनी से वंचित रहे।
- घोड़े-खच्चर चलाने वाले, पालकी ढोने वाले और पिट्ठू मजदूर पूरी तरह बेरोजगार हो गए।
रौनक दोबारा लौटने की कर रहे हैं प्रार्थनाएं
स्थानीय लोग कहते हैं कि आमतौर पर यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं और इलाका हमेशा चहल-पहल से भरा रहता है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल अलग हो गए। अब मौसम और हालात अनुकूल होने के बाद यात्रा बहाल होने जा रही है। भक्त और स्थानीय लोग यही प्रार्थना कर रहे हैं कि मां वैष्णो देवी की यात्रा निर्बाध रूप से चलती रहे और कटरा की रौनक एक बार फिर लौट आए।