KNEWS DESK – जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हमला?
यह विस्फोट मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे जम्मू जिले के खौर थाना क्षेत्र में स्थित केरी बट्टल इलाके में हुआ। सेना की टुकड़ी LoC के पास नियमित गश्त कर रही थी, तभी यह विस्फोट हुआ। विस्फोट की चपेट में आने से तीन जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह ब्लास्ट आतंकवादियों द्वारा प्लांट किए गए IED की वजह से हुआ था। अखनूर सेक्टर में LoC के पास आतंकवादियों की गतिविधि पहले से ही देखी जा रही थी। सुरक्षा बलों ने घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घुसपैठ की बढ़ती घटनाएं
इससे एक दिन पहले सोमवार को राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था| जवान नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में तैनात था, जब LoC के पार से अचानक गोलीबारी हुई। घायल जवान को तुरंत सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। माना जा रहा है कि यह सीमा पार से हो रही घुसपैठ की कोशिश का हिस्सा था। 8 फरवरी को भी केरी सेक्टर में भारतीय सेना के गश्ती दल पर आतंकवादियों ने फायरिंग की थी। भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने LoC पर निगरानी और घुसपैठ रोधी सुरक्षा को और मजबूत कर दिया।
सोमवार को कुपवाड़ा जिले में LoC के पास करनाह इलाके में तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने बड़ी मोहल्ला अमरोही में तलाशी अभियान चलाया, जहां से एक AK-47 राइफल, एक AK मैगजीन, एक सैगा MK राइफल, एक सैगा MK मैगजीन और 12 राउंड गोला-बारूद बरामद किए गए।
आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
भारतीय सेना और सुरक्षा बलों ने LoC पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। IED हमलों और आतंकी साजिशों को नाकाम करने के लिए विशेष ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
शहीद जवानों को नमन
भारत के वीर जवानों ने अपनी जान की कुर्बानी देकर देश की सुरक्षा की रक्षा की है। पूरे देश में उनके बलिदान को लेकर शोक और आक्रोश है। सरकार और सेना की ओर से शहीदों को सम्मान देने और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।