KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। डोलगाम इलाके में भारी गोलीबारी जारी है। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों को इलाके में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है, जिन्हें चारों ओर से घेर लिया गया है।
इस ऑपरेशन को भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ संयुक्त रूप से अंजाम दे रही हैं। यह कार्रवाई जॉइंट ऑपरेशन ‘त्राशी-I’ के तहत की जा रही है, जिसमें पूरे इलाके की सघन घेराबंदी की गई है।
व्हाइट नाइट कोर ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि 31 जनवरी की सुबह दोलगाम के सामान्य इलाके में आतंकियों से दोबारा संपर्क स्थापित किया गया। सेना के अनुसार, ये वही आतंकी हैं जो 18 जनवरी, 22 जनवरी और 24 जनवरी को चल रहे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर भागने में सफल हो गए थे।
मुठभेड़ को देखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवाजाही पर रोक लगाई गई है और अतिरिक्त बलों को मौके पर भेजा गया है।
सुरक्षाबल आतंकियों को जिंदा या मुठभेड़ में ढेर करने की कोशिश कर रहे हैं। ऑपरेशन अभी जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।