IPL 2026: पंजाब किंग्स की धमाकेदार जीत, चेन्नई को 5 विकेट से हराया; अय्यर-आर्या ने छीना मैच

डिजिटल डेस्क- इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का सातवां मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जहां पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने 210 रनों का बड़ा लक्ष्य 18.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। मैच की शुरुआत में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 28 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 के प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे संजू सैमसन इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए।

210 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने खेली आक्रामक पारी

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर प्रियांश आर्या ने आते ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया और महज 350 से अधिक स्ट्राइक रेट से 39 रन ठोक डाले। अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के जड़े, जिससे टीम को मजबूत शुरुआत मिली। उनकी इस तेज बल्लेबाजी की बदौलत पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सबसे तेज पचासे के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और 29 गेंदों में शानदार 50 रन बनाकर टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। पंजाब के बल्लेबाजों ने लगातार रन बनाते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी और अंततः 18.4 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार दूसरी हार

गेंदबाजी की बात करें तो पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाक ने 2 विकेट चटकाए, जबकि युजवेंद्र चहल, नाथन एलिस बार्टलेट और मार्को यानसेन को 1-1 सफलता मिली। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है और टीम अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाई है। इससे पहले चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। अब पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला 6 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में होगा। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *