ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों के विरोध में पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन, 35 नागरिकों की मौत

KNEWS DESK- ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। कराची से लेकर PoK तक फैले इन प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 35 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, इन मौतों में गोली लगने की घटनाएं शामिल हैं। सूत्रों का दावा है कि ये सभी नागरिक झड़पों के दौरान सुरक्षा बलों और अमेरिकी मरीन सुरक्षा टुकड़ी की कार्रवाई में हताहत हुए।

स्थिति बिगड़ने के बाद पंजाब सरकार ने प्रांत के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी। अन्य प्रांतों की सरकारों ने भी अलर्ट जारी किया है और शिया आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, इस्लामाबाद के कुछ अस्पतालों को वास्तविक आंकड़े जारी न करने के निर्देश दिए गए हैं। कई शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि कराची और लाहौर में जारी प्रदर्शनों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही इस्लामाबाद और पेशावर में भी प्रदर्शन पर ध्यान रखा जा रहा है। अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे लोकल न्यूज पर नजर रखें, सुरक्षा उपाय अपनाएं, अपने आसपास के वातावरण के प्रति सतर्क रहें, भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें, अपने STEP रजिस्ट्रेशन को अपडेट रखें।

पाकिस्तान में जारी हिंसा और अस्थिर स्थिति के कारण पूरे देश में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, और अधिकारियों ने स्थिति को काबू में करने के लिए हर संभव प्रयास तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *