KNEWS DESK- वेनेजुएला पर अमेरिका के बड़े सैन्य हमले के बाद पूरी दुनिया में हलचल मची हुई है। इस कार्रवाई से जुड़े अपडेट लगातार सामने आ रहे हैं। बीती रात सबसे बड़ी खबर यह आई कि अमेरिकी अभियान के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद अब वेनेजुएला से एक और अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है।
ताजा जानकारी के अनुसार, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देश की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस खबर पर अब आधिकारिक मुहर भी लग चुकी है। दरअसल, वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए डेल्सी रोड्रिगेज को देश की अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है।
डेल्सी रोड्रिगेज 2018 से वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे सरकार में संचार मंत्री और विदेश मंत्री जैसी अहम जिम्मेदारियां भी संभाल चुकी हैं। उन्हें राष्ट्रपति पद का अनुभव रखने वाली एक प्रभावशाली नेता माना जाता है।
अमेरिकी हमले और राष्ट्रपति की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है। हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सूत्रों के मुताबिक, देश में राजनीतिक स्थिरता बहाल करने के लिए अगले 30 दिनों के भीतर राष्ट्रपति चुनाव कराए जाने की संभावना भी जताई जा रही है, ताकि एक नया निर्वाचित राष्ट्रपति सत्ता संभाल सके।
गौरतलब है कि निकोलस मादुरो पिछले 13 वर्षों से वेनेजुएला के राष्ट्रपति थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद देश में सत्ता संतुलन पूरी तरह बदल गया है। अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अंतरिम सरकार आगे क्या कदम उठाती है और वेनेजुएला में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाता है।