भारत के अंतरिक्ष अभियान में नया अध्याय, शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन के तहत आज ISS के लिए रवाना होंगे

KNEWS DESK-  आज का दिन भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने वाला है। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अमेरिकी निजी स्पेस कंपनी Axiom Space के Axiom-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना होने जा रहे हैं। यह ऐतिहासिक मिशन भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे फ्लोरिडा स्थित NASA के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से लॉन्च होगा।

Axiom-4 मिशन में कुल 4 अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जिनमें भारत के शुभांशु शुक्ला भी एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं। यह मिशन निजी और सरकारी अंतरिक्ष प्रयासों के बीच एक मजबूत सहयोग का उदाहरण है।

Axiom-4 मिशन को अंतरिक्ष की ओर ले जाएगा SpaceX का फाल्कन 9 रॉकेट, जो दुनिया का सबसे शक्तिशाली और रीयूजेबल (बार-बार इस्तेमाल होने वाला) रॉकेट है। यह खास बात इसे बाकी रॉकेट्स से अलग बनाती है। इस लॉन्च में जो फर्स्ट स्टेज बूस्टर इस्तेमाल होगा, वह पहले एक Starlink मिशन को भी सफलतापूर्वक लॉन्च कर चुका है।

मिशन में जिस ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट का उपयोग हो रहा है, वह एकदम नया और अब तक कभी न इस्तेमाल किया गया यान है। यह ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट अब तक कुल 51 मिशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दे चुका है, जिनमें से 46 बार वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक गया है। इसकी सबसे खास बात है इसका रियूजेबल होना — यानी यह अंतरिक्ष से सुरक्षित धरती पर लौट सकता है और भविष्य के मिशनों में फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है।

ड्रैगन यान की क्षमताएं-

  • यात्रियों की क्षमता: 7 अंतरिक्ष यात्री

  • ऊंचाई: 8.1 मीटर

  • चौड़ाई: 4 मीटर

  • पेलोड क्षमता: लॉन्च के समय 6000 किलोग्राम, वापसी में 3000 किलोग्राम

  • इंजन: ड्रेको और सुपरड्रेको थ्रस्टर्स

  • लॉन्च एस्केप सिस्टम: सुरक्षा के लिए 8 सुपरड्रेको थ्रस्टर लगे हैं, जो इमरजेंसी में यान को रॉकेट से अलग कर सकते हैं।

यह पहली बार है जब एक भारतीय नागरिक प्राइवेट स्पेस मिशन के तहत ISS पर अंतरिक्ष यात्रा के लिए रवाना हो रहा है। शुभांशु शुक्ला की यह यात्रा भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं और वैश्विक स्पेस सहयोग के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।

ये भी पढ़ें-   जब सब लोग कथा सुन सकते हैं तो सब बोल क्यों नहीं सकते….. प्रेस कांफ्रेंस में जमकर बरसे अखिलेश