KNEWS DESK- मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के बीच अब दक्षिण एशिया में भी तनाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष का असर दुनिया भर में महसूस किया जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच पिछले कई दिनों से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और एक-दूसरे पर हमले करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर काबुल में एक अस्पताल और नशा मुक्ति केंद्र पर एयर स्ट्राइक करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फ़ितरत के अनुसार, सोमवार देर रात पाकिस्तान की सेना ने काबुल में स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र को निशाना बनाकर बमबारी की। इस हमले में अब तक लगभग 400 लोगों की मौत होने का दावा किया गया है, जबकि करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
फ़ितरत ने कहा कि हमले के बाद अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया। धमाके के बाद इमारत में आग लग गई, जिस पर काबू पाने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे से लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।तालिबान प्रशासन ने इस हमले को मानवता के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि नागरिकों और चिकित्सा संस्थानों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का उल्लंघन है।
हालांकि पाकिस्तान ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि उनकी ओर से किसी भी अस्पताल या नागरिक ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान का दावा है कि काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान में की गई कार्रवाई केवल आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ थी और इसमें किसी भी नागरिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा।इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है। क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर भी इस पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।