Donald Trump की धमकी के कुछ घंटों बाद बड़ा हमला, Tehran में तेल डिपो पर एयरस्ट्राइक, आसमान में उठा धुएं का गुबार

KNEWS DESK- अमेरिका और इज़राइल की कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। शनिवार देर रात ईरान और इज़राइल के बीच हमलों का सिलसिला तेज हो गया, जिससे क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका गहरा गई है।

शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिन में एक बयान देते हुए कहा था कि “आज की रात ईरान के लिए सबसे बुरी रात होगी।” इस बयान के कुछ ही घंटों बाद इज़राइल ने ईरान की राजधानी Tehran में नए हवाई हमले शुरू कर दिए। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन हमलों में एक बड़े तेल डिपो को निशाना बनाया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह ईरान के तेल ढांचे पर पहला बड़ा हमला माना जा रहा है। हमले के बाद ऑयल स्टोरेज टैंकों में भीषण आग लग गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया और स्थानीय फुटेज में ऊंची-ऊंची लपटें और घना काला धुआं देखा गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल नुकसान का पूरा आंकलन नहीं हो पाया है, लेकिन इसे तेहरान पर हाल के समय का सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है।

ईरान की सैन्य इकाई Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने देर रात दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए इज़राइल के प्रमुख बंदरगाह शहर Haifa में स्थित एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया है। ईरानी अधिकारियों ने तेल डिपो और रिफाइनरी पर हुए हमलों को आक्रामकता और आतंकवाद की कार्रवाई करार दिया है।

ईरान का कहना है कि उसके ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है और इसे “युद्ध की कार्रवाई” माना जा सकता है। कई अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों ने भी चेतावनी दी है कि अगर इस तरह के हमले जारी रहे तो यह संघर्ष पूरे पश्चिम एशिया में बड़े युद्ध का रूप ले सकता है।

फिलहाल क्षेत्र में तनाव चरम पर है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नज़र बनाए हुए है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच और सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *