भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उड़ान, Axiom-4 मिशन अब इस दिन होगा लॉन्च

KNEWS DESK-  भारत के लिए अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की बहुप्रतीक्षित अंतरिक्ष यात्रा अब 25 जून को लॉन्च की जाएगी। यह जानकारी अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मंगलवार को दी। शुक्ला इस मिशन में पायलट की भूमिका निभा रहे हैं, और यह मिशन भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में एक गौरवशाली अध्याय जोड़ने जा रहा है।

‘Axiom Mission-4’ (Ax-4) नामक यह मिशन अमेरिका की नासा, स्पेसएक्स, और प्राइवेट कंपनी Axiom Space के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस मिशन के ज़रिए भारत के साथ-साथ हंगरी और पोलैंड की भी अंतरिक्ष में वापसी हो रही है। यह मिशन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना होगा और यह Axiom Space का चौथा प्राइवेट मिशन होगा।

Axiom-4 की लॉन्चिंग मूल रूप से 29 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन तकनीकी कारणों से इसे कई बार टालना पड़ा। फाल्कन-9 रॉकेट में लिक्विड ऑक्सीजन लीकेज, ISS के रूसी मॉड्यूल में खराबी, और सुरक्षा परीक्षणों के कारण 8, 10, 11, 19 और 22 जून को भी लॉन्च संभव नहीं हो सका। अब यह मिशन 25 जून, बुधवार को भारतीय समयानुसार सुबह 12:01 बजे नासा के केनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से लॉन्च किया जाएगा।

इस ऐतिहासिक मिशन की कमान अनुभवी अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन संभालेंगी। भारत के शुभांशु शुक्ला इसके पायलट होंगे, जबकि हंगरी के टिबोर कापु और पोलैंड के स्लावोश उज़नांस्की-विस्निएवस्की मिशन स्पेशलिस्ट की भूमिका में होंगे।

मिशन के तहत सभी अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में सवार होकर फाल्कन-9 रॉकेट के माध्यम से अंतरिक्ष में जाएंगे। अंतरिक्ष यान 26 जून को शाम 4:30 बजे (IST) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ जाएगा।

शुभांशु शुक्ला की यह अंतरिक्ष यात्रा न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भारत के युवाओं के लिए भी एक प्रेरणा बनेगी। भारत के अंतरिक्ष इतिहास में यह पहली बार होगा जब एक भारतीय, निजी अंतरिक्ष मिशन में पायलट की जिम्मेदारी निभा रहा है।

ये भी पढ़ें-  अहमदाबाद विमान हादसे के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका, एयर इंडिया के बोइंग विमानों की सेवा निलंबित करने की मांग