KNEWS DESK – फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्हें उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों थप्पड़ मारती हुई नजर आ रही हैं। यह वीडियो वियतनाम दौरे का बताया जा रहा है, जहां मैक्रों अपने प्लेन से उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, राष्ट्रपति कार्यालय ने इस वीडियो को “गैर-जरूरी” करार दिया है और इसे ज्यादा तरजीह न देने की सलाह दी है। लेकिन यह कोई पहला मौका नहीं है जब मैक्रों को किसी सार्वजनिक अपमान का सामना करना पड़ा हो।
दरअसल, फ्रांस के राष्ट्रपति बनने के बाद से इमैनुएल मैक्रों पर कई बार सार्वजनिक हमले हो चुके हैं — कभी थप्पड़, कभी अंडे तो कभी टमाटर। आइए जानते हैं उनके साथ हुए कुछ चर्चित घटनाक्रमों के बारे में:
1. पेरिस कृषि शो में अंडा (मार्च 2017)
राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर मैक्रों जब पेरिस के कृषि शो में पहुंचे थे, तो एक व्यक्ति ने उन पर अंडा फेंका। अंडा उनके सिर पर फूट गया। इस पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी, “यह अब लोककथा का हिस्सा है।”
2. पहला थप्पड़ (जून 2021)
राष्ट्रपति बनने के बाद मैक्रों को पहला थप्पड़ जून 2021 में पड़ा। एक स्कूल दौरे के दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें अचानक थप्पड़ मार दिया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता से उसे काबू में लिया। हमलावर को चार महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी।
3. ल्योन खाद्य मेला (सितंबर 2021)
मैक्रों पर एक बार फिर अंडा फेंका गया — इस बार ल्योन के एक खाद्य मेले में। हमलावर ने ‘विवे ला रिपब्लिक’ चिल्लाते हुए अंडा फेंका, जो टूट नहीं पाया। उस व्यक्ति को भी तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
4. चेरी टमाटर का हमला (अप्रैल 2022)
फ्रांस में चुनावी जीत के बाद सेर्गी के एक बाजार में मैक्रों पर चेरी टमाटर फेंके गए। गार्ड्स ने स्थिति संभाली और सुरक्षा के लिए तत्काल छाता खोल दिया। हालांकि, कोई गंभीर चोट नहीं हुई।
5. पत्नी का थप्पड़ (वियतनाम दौरा – 2025)
ताजा मामला वियतनाम दौरे का है, जहां एक वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मैक्रों को उनकी पत्नी ब्रिगिट ने थप्पड़ मारा। वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है और फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने इसे तवज्जो न देने की बात कही है।
विरोध का पसंदीदा चेहरा बने मैक्रों
फ्रांस में जनता के गुस्से का शिकार राजनेता होते रहे हैं, लेकिन इमैनुएल मैक्रों के साथ इस तरह की घटनाएं बार-बार होना यह दिखाता है कि वे प्रदर्शनकारियों का पसंदीदा निशाना बन चुके हैं। कभी पेंशन सुधारों को लेकर तो कभी महंगाई पर बयानबाजी के कारण, मैक्रों अक्सर जनता के विरोध का सामना करते हैं।