K News Desktop- दुबई में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के आसपास ड्रोन हमला होने की खबर सामने आई। इस हमले में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी गई।
दुबई अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट के आसपास दो ड्रोन गिरने की पुष्टि हुई है। इन ड्रोन के गिरने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में दो घाना के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक को मामूली चोटें आईं, जबकि एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही दुबई की सुरक्षा एजेंसियां और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को कुछ समय के लिए सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया गया और ड्रोन के मलबे की जांच शुरू की गई। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ड्रोन किस जगह से उड़ाए गए और उनका असली लक्ष्य क्या था।
ड्रोन गिरने की इस घटना के बावजूद एयरपोर्ट के संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रहीं और यात्रियों की आवाजाही जारी रही। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी और भी कड़ी कर दी गई है
मध्य पूर्व में पहले से ही बढ़े तनाव के बीच दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन गिरने की घटना ने सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। दुबई प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह हमला किस मकसद से किया गया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।