KNEWS DESK – बांग्लादेश में एक बार फिर भीड़ की हिंसा का मामला सामने आया है। राजबारी जिले के पांग्शा उपज़िला में बुधवार रात एक व्यक्ति को कथित तौर पर जबरन वसूली के आरोप में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। मृतक की पहचान अमृत मंडल उर्फ सम्राट के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक को ही एक कुख्यात अपराधी करार दिया है।
गांव में देर रात हुई घटना
सहायक पुलिस अधीक्षक (पांग्शा सर्कल) देब्रता सरकार के मुताबिक, यह घटना रात करीब 11 बजे कालीमोहर यूनियन के होसेनडांगा गांव में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सम्राट को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल ले जाया गया। सम्राट को पांग्शा उपज़िला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे सुबह करीब 2 बजे मृत घोषित कर दिया।
साथी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने मौके से सम्राट के साथी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक पिस्तौल और एक सिंगल-शॉटर बंदूक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, सलीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजबारी सदर अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमृत मंडल उर्फ सम्राट के खिलाफ पांग्शा पुलिस स्टेशन में कम से कम दो आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें एक हत्या का केस भी शामिल है। इसी आधार पर पुलिस उसे एक सक्रिय अपराधी बता रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप
बांग्लादेश के प्रमुख अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों का दावा है कि सम्राट ने एक आपराधिक गिरोह बना रखा था और वह लंबे समय से जबरन वसूली समेत कई गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था।
बताया जा रहा है कि वह भारत में लंबे समय तक छिपा रहा और हाल ही में गांव लौटा था। लौटने के बाद उसने गांव के ही एक व्यक्ति शाहिदुल इस्लाम से कथित तौर पर वसूली की मांग की।
‘चोर-चोर’ के शोर के बाद जुटी भीड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार रात सम्राट और उसके गिरोह के सदस्य शाहिदुल इस्लाम के घर पैसे लेने पहुंचे थे। जैसे ही घरवालों ने शोर मचाते हुए “चोर” चिल्लाया, आसपास के लोग जमा हो गए और सम्राट की पिटाई कर दी।
उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जबकि मोहम्मद सलीम को हथियारों के साथ पकड़ लिया गया।