KNEWS DESK- हरियाणा के नगर निकाय चुनाव के बीच कांग्रेसी नेता हिमानी नरवाल की हत्या के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। दिल्ली के कांग्रेसी नेता उदित राज ने हिमानी नरवाल की हत्या पर गुस्सा जाहिर करते हुए भाजपा का नाम लिए बगैर बड़ा हमला किया है। उदित राज ने कहा कि यह केवल कांग्रेस के कार्यकर्ता की हत्या नहीं बल्कि कांग्रेस को कमजोर करने की साजिश है। हालांकि हिमानी नरवाल की हत्या पर भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने शोक व्यक्त करते हुए दुखद घटना बताया है। उदित राज ने हरियाणा प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाता, बल्कि कांग्रेस को कमजोर भी करता है।
कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की माँग
कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर घटना पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि “हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बहुत दुखद और पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वो दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। इस मुश्किल समय में हम पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। हिमानी के साथ हुई इस क्रूर और शर्मनाक घटना की निष्पक्ष जांच हो और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।”
राहुल गाँधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद आई थी चर्चा में
कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने बताया कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में हिमानी नरवाल ने राहुल गाँधी के साथ यात्रा की थी। हिमानी नरवाल ने राहुल गाँधी के साथ यात्रा की फोटो इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया साइट्स में अपलोड की थी, जिससे वे चर्चा में आई थी। हिमानी दीपेन्द्र हुड्डा और भूपेन्द्र हुड्डा के चुनाव में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने हत्या की एसआईटी से जांच कराने की मांग की है।
बस अड्डे के पास मिला था शव
हिमानी नरवाल का शव शनिवार को रोहतक के सांपला बस अड्डे के पास सूटकेस में मिला था। सूटकेस में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान रोहतक के विजय नगर निवासी के रूप में हुई।