डिजिटल डेस्क- ग्रेटर नोएडा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मृत महिला के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रूपए आ गए। बेटे को जब इसकी जानकारी हुई तो वो फौरन बैंक पहुंचा और बैंक अधिकारियों से पूरी बात बताई। जिसके बाद बैंक अधिकारियों ने महिला के अकांउट को चेक किया तो बेटे की बात सच निकली। घटना के बात क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और लोग कौतूहल वश मामले को जानने में लगे हुए हैं।
दो महीने पहले ही हुआ है महिला का निधन
जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा के ऊंची दनकौर मोहल्ले की रहने वाली गायत्री देवी का निधन बीमारी से दो माह पूर्व हो गया था। नियमों के अनुसार महिला की मौत के बाद मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर महिला का खाता बंद हो जाना चाहिए था पर बेटे ने माँ का खाता न बंद कराकर उसका इस्तेमाल करने लगा। दो महीने बाद अचानक से महिला के खाते से जुड़े नबंर पर 1 अरब 13 लाख 56 हजार रूपए जमा होने का मैसेज आया। मैसेज आने के बाद बेटे ने फौरन बैंक जाकर इसकी जानकारी दी। बेटे की जानकारी के बाद बैंक अधिकारियों ने मृत महिला का खाता चेक किया, जिसमें उन्होंने पाया कि बेटे की बात सच है।
बैंक ने फ्रीज किया महिला खाता
महिला के खाते में अचानक बड़ी रकम जमा होने के बाद बैंक में हड़कंप मच गया। बैंक अधिकारियों ने आनन-फानन में महिला का खाता फ्रीज कर दिया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि टेक्निकल फॉल्ट की वजह से ऐसा हुआ होगा। उन्होंने बताया कि बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया है और जांच की जा रही है।