गाजियाबाद में ‘गंदगी का खेल’ बेनकाब, चाट भंडार चप्पल पहनकर आलू धोते कर्मचारी को देखकर भड़के लोग

डिजिटल डेस्क- गाजियाबाद के लोनी इलाके में फूड सेफ्टी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अंकुर विहार क्षेत्र के एक चर्चित चाट भंडार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। वायरल वीडियो में एक चौंकाने वाला दृश्य सामने आया है, जिसमें चाट भंडार का एक कर्मचारी चप्पल पहनकर बड़े भगोने में खड़ा नजर आ रहा है और पैरों से आलू मसलता और धोता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अंकुर विहार के एटीएम चौक के पास स्थित एक मशहूर चाट कॉर्नर का है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग टिक्की और चाट खाने पहुंचते हैं।

छिपकर बनाया गया वीडियो

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो रात के समय एक लड़की द्वारा छिपकर दूर से बनाया गया है। वीडियो में लड़की की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिसमें वह कहती है कि उसकी मां भी इस चाट भंडार की टिक्की खाती हैं और वह इस वीडियो के जरिए इस दुकान की सच्चाई सामने लाना चाहती है। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि इस चाट कॉर्नर पर हर रोज इसी तरह से आलू धोए और तैयार किए जाते हैं। यानी यह कोई एक दिन की घटना नहीं, बल्कि नियमित रूप से अपनाई जाने वाली प्रक्रिया हो सकती है।

लोगों में आक्रोश

वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में गुस्सा साफ नजर आ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह चाट भंडार लंबे समय से इलाके में काफी लोकप्रिय है और यहां साफ-सफाई को लेकर लोगों का भरोसा था। लेकिन इस वीडियो ने उस भरोसे को पूरी तरह तोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर भी लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दुकान मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे लोगों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ बताया है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि लोनी इलाके में इससे पहले भी ऐसा ही एक मामला सामने आ चुका है। साल 2024 में एक जूस सेंटर का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दुकानदार पर जूस में पेशाब मिलाने का आरोप लगा था। उस घटना के बाद भी फूड सेफ्टी को लेकर प्रशासन पर सवाल उठे थे। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फूड सेफ्टी पर बड़ा सवाल

इस घटना ने एक बार फिर फूड सेफ्टी और साफ-सफाई के मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है और इससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *