गाजियाबाद: खाने और पैसों के विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या

डिजिटल डेस्क- दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात डबल मर्डर की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अंबेडकर गेट के पास स्थित वैष्णो ढाबे पर मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात रात करीब साढ़े दस बजे की है। ढाबे पर दो अलग-अलग पक्ष खाना खा रहे थे। इसी दौरान खाने में देरी और फिर भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ही पक्षों ने शराब पी रखी थी, जिसके चलते विवाद और बढ़ गया।

हमला करने के बाद आरोपी पैदल ही हुआ फरार

कुछ ही देर में मामला इतना बिगड़ गया कि एक पक्ष ने ढाबे पर मौजूद श्रीपाल (25), सत्यम (26) और अनुराग पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गए, जिससे ढाबे पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस के साथ डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल और एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने सत्यम और श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। अनुराग की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने वाले तीन युवक सूरज, राजन और विशेष थे। पुलिस अब ढाबे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की लोकेशन और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *