गाजियाबाद में कलयुगी बेटे की क्रूरता: बीमार मां को लात-घूंसे मारते CCTV में कैद, बहन ने खुद भाई की सच्चाई की उजागर

शिव शंकर सविता- गाजियाबाद से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बूढ़ी और बीमार मां पर बेरहमी से लात-घूंसे बरसाए। यह पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस अमानवीय कृत्य को उजागर करने वाली कोई और नहीं, बल्कि आरोपी की अपनी बहन है, जिसने मां की पीड़ा को दुनिया के सामने लाने के लिए वीडियो वायरल किया। यह मामला गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर सेक्टर-23 स्थित जागृति विहार कॉलोनी का है। यहां मकान नंबर 22 में रहने वाला निशांत ठाकुर अपनी बीमार मां के साथ रहता है।

वायरल वीडियो में माँ को बुरी तरह मारता दिख रहा है कलयुगी बेटा

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि निशांत किस तरह अपनी मां को बेदर्दी से पीट रहा है। मां की हालत इतनी खराब है कि वह खुद का बचाव तक नहीं कर पा रही, बावजूद इसके बेटा इंसानियत की सारी हदें पार करता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, निशांत की बहन निशा अमेरिका में रहती है। मां की बीमारी और भाई के व्यवहार को लेकर आशंकित निशा ने पहले ही अपनी मां के कमरे में CCTV कैमरा लगवाया था, ताकि वह दूर रहते हुए भी उनकी स्थिति पर नजर रख सके। लेकिन जब निशा ने कैमरे में देखा कि उसका भाई रोजाना किस तरह मां के साथ मारपीट कर रहा है, तो वह स्तब्ध रह गई। इसके बाद निशा ने हिम्मत दिखाते हुए इस वीडियो को सोसाइटी के लोगों के साथ साझा किया और पूरे मामले को सार्वजनिक कर दिया।

बहन ने पुलिस को सौंपे सीसीटीवी फुटेज

वीडियो सामने आने के बाद कॉलोनी के लोग भी आक्रोशित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निशांत अक्सर मां के साथ बदसलूकी करता था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इस हद तक गिर चुका है। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। निशा ने गाजियाबाद पुलिस को भी यह CCTV फुटेज सौंप दिया है और अपने ही भाई के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीड़िता की हालत और उसकी सुरक्षा को लेकर भी पुलिस गंभीर है।