शिव शंकर सविता- गाजियाबाद से सटे लोनी इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क (बुद्ध बाजार) मोहल्ले में एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात से कुछ समय पहले तक तीनों एक ही कमरे में बैठकर साथ डिनर कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी राशिद को अपनी 36 वर्षीय पत्नी शबनम और अपने ही दोस्त फहीम (32) के बीच अवैध संबंधों का शक था। इस बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। राशिद कई बार इसका विरोध कर चुका था, लेकिन तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
आधी रात को वारदात, खून से सना कमरा
घटना की सूचना रात करीब 12:40 बजे पुलिस को मिली, जब स्थानीय लोगों ने घर में झगड़े की आवाजें सुनीं। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का नजारा बेहद भयावह था। कमरे में सोफे पर शबनम का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि पास ही फहीम की लाश भी पड़ी थी। दोनों के सिर में गोली मारी गई थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिनर के दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान राशिद ने आपा खो दिया और अवैध हथियार निकालकर पत्नी और दोस्त पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरेंद्र नाथ तिवारी (डीसीपी ग्रामीण) भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कौन सा था और गोली कितनी दूरी से चलाई गई। इससे घटना के पूरे घटनाक्रम को समझने में मदद मिलेगी।
आरोपी की तलाश में चार टीमें
पुलिस ने फरार आरोपी राशिद की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने वारदात की पहले से योजना बनाई थी या यह अचानक हुए विवाद का नतीजा था।