जाकिर खान ने ब्रेक पर तोड़ी चुप्पी, कहा – ‘जब तक जिंदा हूं…’

KNEWS DESK – स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान को लेकर पिछले कुछ समय से तरह-तरह की खबरें सामने आ रही थीं। हैदराबाद में एक शो के दौरान जब उन्होंने 2029-30 तक स्टैंडअप से ब्रेक लेने की बात कही, तो उनके फैंस को बड़ा झटका लगा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं भी शुरू हो गईं कि वह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

हालांकि अब खुद जाकिर खान ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ किया कि उनकी तबीयत उतनी खराब नहीं है, जितनी बातें इंटरनेट पर कही जा रही हैं।

“इंटरनेट पर जो पढ़ा, वो झूठ है”

जाकिर ने मंच से कहा, “आपने जो इंटरनेट पर पढ़ा है, वो झूठ है भाई। ब्रेक की असली कहानी ये है कि मेरे पास राइटिंग का बहुत काम आ गया था, जो मैं पिछले 6 साल से पूरा नहीं कर पा रहा था। हेल्थ थोड़ी सी खराब है, लेकिन इतनी भी नहीं कि चिंता की जाए।”

उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से कुछ राइटिंग प्रोजेक्ट्स पर काम करना चाहते थे, लेकिन लगातार शो और टूर के कारण समय नहीं मिल पा रहा था। अब वह उस पेंडिंग काम को पूरा करना चाहते हैं।

शायराना अंदाज में दिया भरोसा

अपने खास अंदाज में जाकिर ने फैंस को भरोसा दिलाया कि वे उन्हें छोड़कर कहीं नहीं जा रहे। उन्होंने कहा, “आप सबसे वादा करके जा रहा हूं कि जब तक जिंदा हूं आपकी खिदमत में रहूंगा।”

https://www.instagram.com/p/DVGYTMaCLjS/

इसके बाद उन्होंने शायरी के जरिए अपनी बात को और असरदार बना दिया, “हम पहुंच जहां भी गए हों, हमारी नींद बहुत कच्ची है… हमने जहां से शुरू किया है… हम भूख के पले बच्चे हैं, एक दिन सबकुछ खाएंगे… अब घर से निकले हैं, तो इतिहास लिखकर ही जाएंगे।”

फैंस को मिली राहत

जाकिर खान की इस सफाई के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है। सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही थी, लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि ब्रेक का मुख्य कारण उनके रचनात्मक प्रोजेक्ट्स हैं, न कि कोई गंभीर बीमारी।