हनी सिंह और करण औजला पर महिला आयोग सख्त, आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का लगा आरोप

KNEWS DESK – भारत के दो चर्चित पंजाबी सिंगर यो यो हनी सिंह और करण औजला एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला गंभीर है क्योंकि इन दोनों पर अपने गानों में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगा है। मामला इतना बढ़ गया है कि पंजाब राज्य महिला आयोग ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए दोनों सिंगर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिला आयोग ने डीजीपी को लिखा पत्र

पंजाब राज्य महिला आयोग ने पंजाब पुलिस के डीजीपी को एक आधिकारिक पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने सख्त एक्शन की मांग की है। आयोग का कहना है कि इन दोनों कलाकारों के गाने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और पंजाबी संस्कृति के खिलाफ हैं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि हनी सिंह और करण औजला को 11 अगस्त 2025 (सोमवार) को व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।

किन गानों पर उठी आपत्ति?

करण औजला का गाना ‘MF गबरू’ हाल ही में रिलीज हुआ है और यह तेजी से वायरल भी हुआ है। सिर्फ 6 दिनों में इस गाने को 34 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। लेकिन इसी गाने को लेकर विवाद भी गहराता जा रहा है। आरोप है कि इस गाने में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जो समाज में गलत संदेश फैला रहा है। दूसरी ओर, हनी सिंह का गाना ‘मिलियनेयर’, जो करीब 11 महीने पहले यूट्यूब पर रिलीज हुआ था, अब विवादों में आ गया है। इस गाने को अब तक 396 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। लेकिन इसकी लोकप्रियता के बावजूद इस पर महिलाओं के खिलाफ अनुचित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।

यह पहली बार नहीं है जब यो यो हनी सिंह किसी गाने के चलते विवादों में फंसे हों। इससे पहले भी वह अपने कई गानों में अश्लील और विवादास्पद बोलों के चलते आलोचना झेल चुके हैं। हालांकि हर बार उन्होंने या तो सफाई दी है या गाने में बदलाव किए हैं, लेकिन इस बार मामला सरकारी स्तर पर पहुंच चुका है।

क्या होगा अगला कदम?

अब सबकी निगाहें 11 अगस्त पर टिकी हैं, जब दोनों कलाकारों को महिला आयोग के सामने पेश होना है। यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों सिंगर अपना पक्ष किस तरह रखते हैं और क्या कोई माफी या गाने में बदलाव की घोषणा होती है। साथ ही, आयोग की ओर से क्या निर्देश जारी किए जाएंगे, यह भी महत्वपूर्ण होगा।